logo

Ranchi : आज रांची आ रही हैं द्रौपदी मुर्मू, समर्थन की करेंगी अपील

draupdi2.jpg

रांचीः 

झारखंड की पूर्व राज्यपाल व राष्ट्रपति पद के लिए एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू  आज रांची आ रही हैं। रांची आकर वह राज्य के विधायकों से समर्थन की अपील करेंगी। भाजापा की तरफ से द्रौपदी मुर्मू के स्वागत के लिए एयरपोर्ट पर भव्य तैयारी की गई है। द्रौपदी मुर्मू चाणक्या बीएनआर होटल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी। संभावना जताई जा रही है कि वह जेएमएम सुप्रीमो शिबू सोरेन से भी मुलाकात करेंगी। सोमवार को 11 बजे पूर्वाह्न विशेष विमान से दिल्ली से सीधा रांची पहुंचेंगी। एयरपोर्ट में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सह अन्य नेता उनका स्वागत करेंगे। 


पारंपरिक रीति-रिवाज से होगा स्वागत
बीजेपी अनुसूचित जनजाति मोर्चा के कार्यकर्ताओं द्वारा बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर द्रौपदी मुर्मू का पारंपरिक तौर-तरीके से स्वागत किया जायेगा। एयरपोर्ट से द्रौपदी मुर्मू का काफिला होटल बीएनआर चाणक्य पहुंचेगा। यहां एनडीए द्वारा आयोजित बैठक में द्रौपदी मुर्मू सांसदों और विधायकों को संबोधित करेंगी। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश, नेता विधायकदल एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, अन्नपूर्णा देवी, आजसू प्रमुख सुदेश महतो, प्रदेश महामंत्री एवं सांसद  आदित्य साहू शिरकत करेंगे। इसी शाम साढ़े 4 बजे द्रौपदी मुर्मू दिल्ली लौट जाएंगी।