logo

निर्वाचन आयोग ने बिहार के साथ घाटशिला उप चुनाव कराने की घोषणा की

ghatshila-1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
निर्वाचन आयोग ने आज बिहार विधानसभा चुनाव के साथ साथ अन्य राज्यों में भी विधानसभा उप चुनाव कराए जाने की आधिकारिक घोषणा की। निर्वाचन आयोग के डिप्टी डायरेक्टर पी पवन द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि बिहार विधानसभा चुनाव के साथ साथ झारखंड की घाटशिला, जम्मू-कश्मीर के बपदवाम और नगरौटा, राजस्थान के अंटा, तेलंगाना के जुबली हिल्स, पंजाब के तरनतारन, मिजोरम के डंपा और उड़ीसा के नौपदा विधानसभा उप चुनाव भी कराए जाएंगे। इसके लिए निर्वाचन आयोग अखिल भारतीय सेवा के 470 अधिकारियों को केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में प्रतिनियुक्त करेगा। उनमें 320 आईएएस, 60 आईपीएस एवं 90 अधिकारी आईआरएस, आईआरएएस एवं आईसीएस सेवा के होंगे। जानकारी के अनुसार निर्वाचन आयोग ने केंद्रीय पर्यवेक्षक बनाने के लिए झारखंड कैडर के आईएएस अधिकारियों का नाम भी मांग चुका है। हालांकि अभी तक झारखंड द्वारा भेजे गए नामों में किसे पर्यवेक्षक बनाया जाएगा, इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की गयी है।


यहां मालूम हो कि झामुमो विधायक सह मंत्री रामदास सोरेन के निधन से झारखंड के घाटशिला विधानसभा का अभी कोई प्रतिनिधि नहीं है। वहां से कोई विधायक नहीं है। हालांकि बिहार के साथ साथ घाटशिला विधानसभा उप चुनाव के संकेत पहले से थे। इसके मद्देनजर ही इंडिया और एनडीए गठबंधन के संभावित प्रत्याशियों ने अपना अपना चुनाव प्रचार अभियान प्रारंभ कर दिया है। इनमें स्वर्गीय रामदास सोरेन के पुत्र सोमेश सोरेन और पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के पुत्र बाबूलाल सोरन प्रमुख हैं। सोमेश बतौर झामुमो प्रत्याशी और बाबूलाल भाजपा प्रत्याशी के रूप में अपना प्रचार अभियान चला रहे हैं।

Tags - Ghatshila Assembly By-election Election Commission of Bihar announces to conduct the election