द फॉलोअप डेस्क
अपराध पर लगाम की तमाम कोशिशों के बावजूद सूबे में हर महीने 60 महिलाएं छेड़खानी की शिकार हो जाती हैं। ये आंकड़ा तब है जब राज्य में 2022 की तुलना में 2023 में छेड़खानी की घटनाओं में कमी दर्ज की गयी है। स्टेट क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो के अनुसार राज्य में पिछले साल मार्च से लेकर जून महीने तक महिलाओं के साथ छेड़खानी की कुल 312 घटना दर्ज की गयी है। वहीं धनबाद में महिलाओं के साथ छेड़खानी के सबसे अधिक मुकदमे दर्ज किये गये हैं। इस मामले में राजधानी रांची की महिलाएं अधिक सुरक्षित हैं। यहां छेड़खानी के कम मामले दर्ज हुए हैं। गौरतलब है कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर झारखंड पुलिस ने पहल करते हुए ‘मेक माई सिटी सेफ’ अभियान शुरू किया है। इसके तहत किसी भी इलाके में अगर किसी महिलाओं के साथ कुछ गलत हो रहा है या कोई इलाका उनके लिए असुरक्षित है, तो झारखंड पुलिस की वेबसाइट पर इसकी जानकारी देनी है। पुलिस उस पर त्वरित कार्रवाई करती है।
महिलाओं की सुरक्षा के लिए कई कदम उठाये गये हैं
पुलिस की ओर से कहा गया है कि जानकारी देने वाले का नाम सार्वजनिक नहीं किया जायेगा। पुलिस को जानकारी देने के लिए कोई भी झारखंड पुलिस के वेबसाइट jhpolice.gov.in पर लॉग इन कर सकता है। इसके बाद Initiatives में जाकर ‘मेक माइ सिटी’ पर क्लिक कर संबंधित जानकारी दर्ज करा सकते हैं। बता दें कि राजधानी रांची में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कई कदम उठाये गये हैं। लेकिन त्रासदी है कि प्रचार-प्रसार नहीं होने से इनका लाभ महिलाओं को नहीं मिल पा रहा है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए पहले से शक्ति ऐप और शक्ति मोबाइल कार्यरत है। शक्ति ऐप को कोई भी महिला मोबाइल में आसानी से इंस्टॉल कर सकती है। इसमें एक लाल बटन है। किसी तरह की आशंका या घटना होने पर महिला के लाल बटन दबा देने पर पुलिस उसके लोकेशन ट्रेस कर वहां जल्दी पहुंच जाती है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N