logo

पहले बहुमत साबित होगा, फिर चंपई कैबिनेट का विस्तार; आज ये लेंगे शपथ

मपोसजोग1.jpg

द फॉलोअप डेस्कः 
झामुमो विधायक दल के नेता चंपई सोरेन को राज्यपाल ने सरकार बनाने का निमंत्रण दे दिया है। आज चंपई सोरेन 12वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे। जानकारी के मुताबिक उन्हें 10 दिनों के भीतर बहुमत साबित करना होगा। इससे पहले गुरुवार शाम को झामुमो कांग्रेस गठबंधन के विधायकों ने राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया था। 


गुरुवार रात सरकार बनाने का न्योता 
हेमंत सोरेन के इस्तीफा देने के साथ ही इंडिया गठबंधन ने झामुमो के वरिष्ठ नेता चंपई सोरेन को विधायक दल का नेता चुन लिया था। इसके बाद विधायकों ने कल शाम ही राज्यपाल सीपी राधा कृष्णन से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। इसके बाद झारखंड के राज्यपाल ने गुरुवार देर रात को उन्हें सरकार बनाने का न्योता दे दिया। 


पहले शपथ ग्रहण होगा 
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को पहले शपथ ग्रहण कराया जाएगा। ताकि, झामुमो स्थापना दिवस के कार्यक्रम में शिरकत करने चंपई सोरेन दुमका जा सकें। राहुल गांधी भी पाकुड़ आ रहे हैं। उनके कार्यक्रम में भी चंपई शामिल हो सकते हैं। शपथ ग्रहण के बाद महागठबंधन जल्द से जल्द विधानसभा में बहुमत साबित करेगा। बहुमत साबित करने के बाद चंपई सोरेन अपने कैबिनेट का गठन करेंगे। चंपई कैबिनेट में हेमंत कैबिनेट के इतर कई नए चेहरे शामिल किए जा सकते हैं। राज्यपाल के निमंत्रण के बाद सत्ता पक्ष के विधायकों के साथ सर्किट हाउस में चंपई सोरेन ने बैठक की। देर रात तक बहुमत साबित करने और सरकार के गठन को लेकर रणनीति बनाई गई।