logo

घायल लेसर एडजुटेंट स्टॉर्क को वन विभाग ने दिया नया जीवन, उधवा झील में सुरक्षित छोड़ा

घायल लेसर एडजुटेंट स्टॉर्क को वन विभाग ने दिया नया जीवन, उधवा झील में सुरक्षित छोड़ा

साहिबगंज:

वन विभाग की तत्परता और देखभाल से एक घायल पक्षी को नया जीवन मिला है। गंगा नदी के किनारे घायल अवस्था में मिले लेसर एडजुटेंट स्टॉर्क (गरुड़) का सफल उपचार करने के बाद उसे उधवा झील पक्षी अभयारण्य में सुरक्षित रूप से प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया। वन विभाग की इस पहल से वन्यजीव संरक्षण के प्रति विभाग की संवेदनशीलता सामने आई है।

22 दिसंबर को घायल अवस्था में मिला था पक्षी
मिली जानकारी के अनुसार, 22 सितंबर 2026 को उधवा के प्राणपुर में गंगा नदी के किनारे एक लेसर एडजुटेंट स्टॉर्क घायल अवस्था में मिला था। पक्षी की चोंच मछली पकड़ने वाले कांटे में फंसी हुई थी, जिसके कारण उसे काफी परेशानी हो रही थी। इसकी सूचना मिलने के बाद साहिबगंज वन प्रमंडल की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक पक्षी की चोंच से कांटा निकाला।

वन विभाग ने चिकित्सीय उपचार उपलब्ध कराया
इसके बाद वन विभाग की टीम ने पक्षी को चिकित्सकीय उपचार उपलब्ध कराया। उसे आवश्यक दवाइयां दी गईं और लगातार निगरानी में रखकर देखभाल की गई। उपचार के दौरान वनकर्मियों ने उसके स्वास्थ्य और शारीरिक स्थिति पर विशेष ध्यान दिया। लगातार प्रयासों के बाद पक्षी के स्वास्थ्य में सुधार हुआ और वह धीरे-धीरे सामान्य स्थिति में लौट आया।

वन्यजीव संरक्षण की दिशा में सकारात्मक पहल
पूरी तरह स्वस्थ होने और उड़ान भरने में सक्षम पाए जाने के बाद वन विभाग की टीम ने उसे उधवा झील पक्षी अभयारण्य में सुरक्षित रूप से छोड़ दिया। प्राकृतिक आवास में पक्षी की वापसी वन्यजीव संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक पहल मानी जा रही है। यह घटना एक बार फिर संदेश देती है कि नदी, तालाब और अन्य जलस्रोतों में मछली पकड़ने के दौरान इस्तेमाल होने वाले जाल और कांटे जलीय एवं जलीय क्षेत्रों पर निर्भर पक्षियों के लिए खतरा बन सकते हैं। ऐसे में वन्यजीवों की सुरक्षा के प्रति आम लोगों की जागरूकता और सतर्कता बेहद जरूरी है।

Tags - Lesser Adjutant StorkUdhva Bird SanctuarySahibganjJharkhand News