logo

बेटियों को मिले उचित शिक्षा, ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना’ महत्वपूर्ण- राज्यपाल

1186.jpg

द फॉलोअप डेस्क
हमारे देश की महिलाएं प्रगति के हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इतना ही नहीं अपने उल्लेखनीय योगदान से देश-विदेश में नाम रोशन कर रही हैं। ये बातें शुक्रवार को पूर्वी भारत में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और महिला समूहों की भूमिका विषय पर आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने कही। राज्यपाल ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति के सशक्तिकरण का सशक्त साधन है। इसलिए सभी लड़कियों को उचित शिक्षा मिलनी चाहिए। क्योंकि एक लड़का शिक्षा प्राप्त करता है तो वह अकेला शिक्षित होता है। मगर एक लड़की शिक्षा ग्रहण करती है तो पूरे परिवार को इसका लाभ होता है। लैंगिक भेदभाव के उन्मूलन और बालिका शिक्षा में सुधार के लिए ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना’ महत्वपूर्ण है।

 
 

कई वक्ताओं ने कार्यक्रम को किया संबोधित
सम्मेलन को जेवियर इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल सर्विस (एक्सआईएसएस) के निदेशक डॉ. जोसेफ एम. कुजूर, सेंटर फॉर कैटलाइजिंग चेंज (सी3) की कार्यकारी निदेशक डॉ. अपराजिता गोगोई, द इंडियन एसोसिएशन फॉर वोमेंस स्टडीज (आईएडब्लूएस) की अध्यक्ष प्रो. इशिता मुखोपाध्याय ने भी संबोधित किया। बताते चलें कि इस कार्यक्रम को एक्सआईएसएस, सी3 और आईएडब्ल्यूएस ने संयुक्त रूप से किया।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT