देवघर:
Deoghar News: मधुपुर के गांधी चौक स्थित बुलेट गली में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाया। गुरुवार की देर रात चोर छत का दरवाजा तोड़कर घर में घुसे और करीब 14 ग्राम सोने के गहने व 6 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। चोरी हुए सोने की कीमत लगभग 2 लाख रुपये बताई जा रही है। घटना के समय गृहस्वामी अपने परिवार के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे।
छत का दरवाजा तोड़कर घर में घुसे चोर
यह मकान बिहार मेडिकल हॉल के संचालक अरिंदम दत्ता का है। गृहस्वामी अमरेश दत्ता ने बताया कि वह परिवार के साथ शादी समारोह में गए हुए थे। वहां से लौटने पर घर के अंदर का सामान बिखरा हुआ मिला। इसके बाद घर की जांच की गई, तो चोरी की घटना का पता चला। जांच के दौरान सामने आया कि चोरों ने छत का गेट तोड़कर घर में प्रवेश किया था। इसके बाद कमरे में रखे पर्स से 6 हजार रुपये निकाल लिए। वहीं, अलमारी तोड़कर करीब 14 ग्राम सोने के गहने भी चोरी कर लिए।
पुलिस ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
घटना की जानकारी मिलने के बाद मधुपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घर का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटनास्थल से चोरी से जुड़े सुराग जुटाने का प्रयास किया। फिलहाल अज्ञात चोरों की पहचान करने और पूरे मामले की जांच की जा रही है। चोरी की इस घटना के बाद इलाके के लोगों में चिंता है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात के समय गश्त बढ़ाने और इलाके में घूमने वाले संदिग्ध लोगों पर विशेष नजर रखने की मांग की है।