द फॉलोअप डेस्क, रांची:
जामताड़ा सदर अस्पताल में 22 वर्षीय गर्भवती महिला रीना कुमारी की मौत मामले में स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की वजह से मरीजों की मौत हो रही है। स्वास्थ्य मंत्री ने प्रदेश में एंबुलेंस पहुंचने में देरी और अस्पतालों में इलाज के अभाव में मरीजों की मौत की शिकायत पर कहा कि इसका कारण भाजपा है। उन्होंने बीजेपी कार्यकर्ताओं पर सदर अस्पताल में सरकारी कार्य में बाधा डालने और डॉक्टरों-स्वास्थ्यकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है। स्वास्थ्य मंत्री ने आरोप लगाया है कि मरीज डॉक्टरों को पुकारते रहे, लेकिन भाजपा के प्रदर्शन की वजह से उनका सही तरीके से इलाज नहीं हो सका। गौरतलब है कि आज जामताड़ा सदर अस्पताल में एक गर्भवती महिला और उसके शिशु की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि कई बार कॉल करने के बावजूद 108 एंबुलेंस सेवा नहीं पहुंची। उन्हें महिला को ई-रिक्शा पर अस्पताल लाना पड़ा। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में परिजन नदारद थे और रीना को सही इलाज नहीं मिला।

जिला प्रशासन से केस दर्ज करने की मांग
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि मरीजों की जान जाने में भाजपा का हाथ है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को हड़ताल पर जाने की आवश्यक्ता नहीं है, वे भारतीय जनता पार्टी के नेताओं पर कड़ी कार्रवाई करेंगे। केवल इतना ही नहीं, स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन, भाजपा नेताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करे और उन्हें गिरफ्तार करे। चेतावनी भरे लहजे में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि दायित्वों का निर्वहन करने में विफल रहे अधिकारियों की जवाबदेही तय की जायेगी।

विफलता मानने की जगह मुद्दे को भटकाया!
स्वास्थ्य मंत्री के बयान पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखा पलटवार किया है। भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता शोभा यादव ने कहा कि मंत्री अपनी विफलता स्वीकार करने की जगह मुद्दे से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था को अप या डाउन करने की जगह पूरी तरह रसातल में ले जाने का टेंडर उठा रखा है। भाजपा ने कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था की कुव्यवस्था से मरीजों की जान जा रही है। 108 एंबुलेंस सेवा में इतनी गंभीर अनियमितता है कि एजेंसी पर प्राथमिकी और सिविल सर्जन को शोकॉज करने की नौबत आई है। भाजपा ने कहा कि विभाग की पूरी जिम्मेदारी मंत्री की है तो यदि विभाग में लापरवाही, अनियमितता या भ्रष्टाचार होता है तो उसकी निगरानी और समय रहते कार्रवाई करना भी सरकार का दायित्व है।

राजनीतिक बयानबाजी और प्रेस कांफ्रेंस से क्या होगा
भाजपा ने कहा कि झारखंड की जनता को पिछले कई वर्षों से न तो समय पर एंबुलेंस मिलता है और ना ही अस्पतालों में पर्याप्त संसाधन है। ग्रामीण इलाकों में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता पर्याप्त नहीं है। भाजपा ने कहा कि जनता को समाधान चाहिए न कि बयान और घोषणाएं। बीजेपी ने कहा कि नई एजेंसी की नियुक्ति हो या एंबुलेंस की खरीद, व्यवस्था में बदलाव हो या संसाधन की खोज, सही समय पर सही योजना क्यों नहीं बनाई गई। भाजपा ने कहा कि तात्कालिक फैसलों को उपलब्धि बताना सही नहीं है। भाजपा ने कहा कि स्वास्थ्य जैसी संवेदनशील व्यवस्था पर जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
भाजपा ने कहा कि जनता को दोषारोपण, राजनीतिक बयानबाजी और प्रेस-कांफ्रेंस नहीं, बल्कि समय पर एंबुलेंस, बेहतर अस्पताल, पर्याप्त दवाइयां, प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी और प्रभावी स्वास्थ्य व्यवस्था चाहिए।