द फॉलोअप डेस्कः
गोड्डा जिले के पथरगामा थाना क्षेत्र के उदयपुरा गांव में एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। आरोपी सुनील रिखियासन ने पत्नी सविया देवी का दुपट्टे से गला घोंट दिया। सविया देवी की शादी बिहार में हुई थी। पति द्वारा लगातार मारपीट के बाद वह पिछले एक महीने से गोड्डा में रह रही थी। कुछ दिन पहले उसका पति भी बिहार से यहां आ गया। दोनों के बीच विवाद होने लगा। रात को नशे में धुत सुनील ने पत्नी की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। मृतका के परिजनों ने सुबह पुलिस को सूचना दी। पथरगामा थाना प्रभारी मनोहर कुमार पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए गोड्डा सदर अस्पताल भेजा गया है। सविया के तीन बच्चे हैं, जो अब अनाथ हो गए हैं। मृतका की मां ने दामाद पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।