जामताड़ा
जामताड़ा में महिजाम मिहिजाम थाना क्षेत्र के पियालशोला ढेकी पाड़ा में जमीन एक छोटे से टुकड़े के उपयोग को लेकर विवाद शुरू हुआ. विवाद इतना बढ़ गया कि एक ही परिवार के दो गुट आपस में भीड़ गए. इस हिंसक झड़प में लाठी-डंडों और धारदार हथियारों का प्रयोग किया गया, जिसमें दोनों पक्षों से कुल 4 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर काउंटर केस क्रॉस FIR दर्ज कर लिया है.

गाली-गलौज से शुरू हुई मारपीट
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, विवाद खलिहान की जमीन के हक और उसके उपयोग को लेकर शुरू हुआ था. शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और गाली-गलौज हुई, जिसने जल्द ही हिंसक रूप ले लिया. शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुँचे और बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया. स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया.
शांति भंग करने वाले को बख्शा नहीं जाएगा: पुलिस
मिहिजाम पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज की है. पहले पक्ष (कांड संख्या 24/26): सनाउल अंसारी की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है. उन्होंने अपने चचेरे भाइयों और उनके परिवार के सदस्यों गफूर अंसारी, मंसूद, मतलू व अन्य पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है. वहीं दूसरे पक्ष (कांड संख्या 25/26): दूसरे पक्ष की ओर से सुबीरा बीबी ने शिकायत दर्ज कराई है. इसमें उन्होंने उमर अली, सनाउल, मुर्शिद और मुबारक को नामजद आरोपी बनाया है. मामले की पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी ने बताया कि "पुलिस ने दोनों पक्षों की लिखित शिकायतों के आधार पर केस दर्ज कर लिया है. सभी घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है. इलाके में शांति भंग करने वाले और कानून हाथ में लेने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा." इस घटना के बाद पियालशोला ढेकी पाड़ा इलाके में पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है और लोगों से शांति बनाए रखने के साथ-साथ कानून का सम्मान करने की अपील की है. फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आगे की छानबीन में जुट गई है.
