द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा नगर पंचायत और मिहिजाम नगर परिषद में नगर सरकार के भविष्य का फैसला करने के लिए आज सुबह से ही गहमागहमी का माहौल है। मतगणना प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने पॉलिटेक्निक कॉलेज, पत्थरचपड़ को मतगणना केंद्र बनाया है। सुबह 7:00 बजे से ही विभिन्न प्रत्याशियों के समर्थक मतगणना केंद्र पर जुटने लगे। प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। केंद्र के बाहर और भीतर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। अंदर प्रवेश करने वाले हर व्यक्ति की सघन तलाशी ली जा रही है और कतारबद्ध तरीके से ही प्रवेश की अनुमति दी जा रही है। पारदर्शिता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए केंद्र के भीतर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है। मतगणना को तेजी से पूरा करने के लिए केंद्रों और टेबलों का विभाजन कुछ इस प्रकार किया गया है। मिहिजाम नगर परिषद के लिए कुल 39 मतदान केंद्रों के मतों की गिनती के लिए 20 टेबल लगाए गए हैं। वहीं जामताड़ा नगर पंचायत के लिए कुल 28 मतदान केंद्रों के लिए 14 टेबल की व्यवस्था की गई है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सुबह 8:00 बजे से मतगणना की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। जैसे-जैसे राउंड पूरे होंगे, प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला स्पष्ट होता जाएगा। फिलहाल, मतगणना केंद्र के बाहर समर्थकों का उत्साह देखते ही बन रहा है।
