logo

खबर का असर : नाबालिग से यौन शोषण और वीडियो वायरल करने के मामले में दर्ज हुआ मामला

rape36.jpg

दीपक झा

झारखंड के जामताड़ा में 15 वर्षीय नाबालिग से यौन शोषण और आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में आखिरकार पुलिस ने कार्रवाई की है। साइबर थाना जामताड़ा में आरोपी के खिलाफ कांड संख्या 12/26 दर्ज करते हुए बीएनएस की धारा 64 सहित 4/12 पॉक्सो एक्ट और 67/67ए आईटी एक्ट के तहत मामला कायम किया गया है।  द फॉलोअप के द्वारा प्रमुखता से खबर दिखाए जाने के बाद पुलिस ने एक्शन लिया है। पुलिस के अनुसार, जामताड़ा थाना क्षेत्र के गायछांद निवासी आरोपी पर आरोप है कि उसने मैट्रिक परीक्षा देकर घर लौट रही नाबालिग को जबरन स्कूटी पर बैठाकर अपने घर ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि इस दौरान आपत्तिजनक वीडियो बनाकर पीड़िता को ब्लैकमेल किया गया और पैसों की मांग की गई। रकम नहीं देने पर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।

पीड़िता बीते एक सप्ताह से महिला थाना और साइबर थाना के चक्कर लगा रही थी। उसने एसपी को भी आवेदन दिया था, लेकिन मामला दर्ज नहीं हुआ। 20 फरवरी को मीडिया में खबर सामने आने के बाद उसी दिन पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। रात में आरोपी के घर छापेमारी की गई, हालांकि वह फरार मिला। शनिवार को साइबर पुलिस ने पीड़िता को जामताड़ा सदर अस्पताल में मेडिकल जांच के लिए भेजा है। पुलिस का कहना है कि आवश्यकता पड़ने पर उसे बेहतर जांच के लिए धनबाद भी ले जाया जा सकता है। इस मामले में पुलिस की प्रारंभिक देरी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल आरोपी की तलाश जारी है और पुलिस जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।