द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा शहर के सबसे पॉश इलाकों में शुमार 'न्यू टाउन' में चोरों ने एक बड़ी चोरी की घटना को अंजाम देकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दी है। चोरों ने इस इलाके में रहने वाली एक स्थानीय शिक्षिका इंदु तिवारी के सूने घर को अपना निशाना बनाया और हजारों रुपये के कीमती जेवरात लेकर रफूचक्कर हो गए। जानकारी के अनुसार, अज्ञात चोरों ने शिक्षिका के घर के पीछे की खिड़की को बेहद शातिर तरीके से तोड़ दिया और अंदर दाखिल हो गए। घर में प्रवेश करने के बाद चोरों ने अलमारी का ताला तोड़ा और उसमें रखे सोने-चांदी के सभी कीमती आभूषण समेट लिए।

पीड़िता इंदु तिवारी के मुताबिक, चोरी किए गए इन जेवरात की कुल अनुमानित कीमत 80 हजार से अधिक आंकी जा रही है। इस घटना के बाद इलाके के लोगों में काफी भय और रोष का माहौल है। पीड़िता ने तुरंत इस मामले की लिखित शिकायत जामताड़ा थाना में दर्ज कराई है। आवेदन मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई है और घर का मुआयना कर मामले की गहन छानबीन में जुट गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरों का सुराग लगाकर उन्हें सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
