जामताड़ा
जिले में बेलगाम रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला नारायणपुर थाना क्षेत्र का है, जहाँ एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की चपेट में आने से 5 वर्षीय मासूम बच्ची, सजदा खातून की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना ने एक बार फिर जिले की सड़कों पर सुरक्षा और बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कैसे हुई घटना?
मिली जानकारी के अनुसार, कोरीडीह वन गांव की रहने वाली सजदा खातून तालाब से स्नान कर अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे पर एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। आनन-फानन में उसे नारायणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए धनबाद रेफर कर दिया गया। दुर्भाग्यवश, अस्पताल पहुँचने से पहले ही रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
बच्ची की मौत की खबर फैलते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे तथा आरोपी चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे को करीब तीन घंटे तक जाम रखा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मुराद हसन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम हटवाया।