logo

जामताड़ा : उद्घाटन के 24 घंटे के भीतर नगर भवन की तोड़े 15 सोलर लाइटें, पार्षदों ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी

उद्घाटन के 24 घंटे के भीतर नगर भवन की तोड़े 15 सोलर लाइटें, पार्षदों ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी

जामताड़ा
शहर के दुलाडीह स्थित नगर भवन परिसर में लाखों की लागत से लगाई गई 15 सोलर स्ट्रीट लाइटें उद्घाटन के सिर्फ  24 घंटे के भीतर ही क्षतिग्रस्त कर दी गईं। हैरान करने वाली बात यह है कि ये लाइटें सिर्फ एक ही रात जल सकीं। 3 जून की रात को ये पहली बार जलीं और अगली ही सुबह 4 जून को कुछ बदमाशों ने इन सभी 15 लाइटों को तोड़ दिया। इस शर्मनाक घटना के विरोध में जामताड़ा नगर पंचायत के सभी वार्ड पार्षदों ने कार्यालय में एकजुट हुए और घटना की कड़े शब्दों में निंदा की। आक्रोशित पार्षदों ने इस संबंध में कार्यपालक पदाधिकारी और जामताड़ा थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपने की तैयारी कर ली है। ​सिर्फ एक रात ही जगमगा सका नगर भवन
​जानकारी के अनुसार, दुलाडीह नगर भवन के सौंदर्यीकरण कार्य के तहत कार्यदायी एजेंसी द्वारा बीते 2 जून की रात को कुल 15 आधुनिक सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाई गई थीं। अगले दिन, यानी 3 जून की रात को जब ये सभी लाइटें पहली बार जलीं, तो पूरा परिसर रोशनी से जगमगा उठा। लेकिन क्षेत्र का यह विकास असामाजिक तत्वों को रास नहीं आया और 4 जून की सुबह जब लोग वहां पहुंचे, तो उन्हें सभी 15 लाइटें टूटी हुई मिलीं।पार्षदों ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
जामताड़ा नगर पंचायत के सभी वार्ड पार्षदों ने आलोक किसको, काजल दत्त, विजय राउत, उत्तम रवानी, दीनबंधु सिंह, बच्चू शाह और उपाध्यक्ष प्रतिनिधि सुनील बावड़ी की मौजूदगी में कार्यालय में एकजुट होकर घटना की कड़े शब्दों में निंदा की। आक्रोशित पार्षदों ने इसे विकास की रफ्तार को रोकने और जिले को बदनाम करने की सोची-समझी साजिश करार देते हुए कार्यपालक पदाधिकारी और थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपने की तैयारी कर ली है; साथ ही जिला प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि इन उपद्रवी तत्वों को जल्द से जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।​लाखों के नुकसान की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
बताया जा रहा है कि नष्ट की गई इन सोलर लाइटों की कीमत लाखों रुपये है। इतनी बड़ी संख्या में एक साथ लाइटें तोड़े जाने की इस घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देते वक्त किसी को भनक तक कैसे नहीं लगी? इस मामले में फिलहाल जामताड़ा थाने में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। मामले पर जामताड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने बताया कि उन्हें अभी इस घटना की आधिकारिक सूचना नहीं मिली है, लेकिन पुलिस अपने स्तर पर इस संबंध में जानकारी जुटा रही है और जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी।

Tags - Jamtara News Solar Street Lights Vandalism Public Property Damage Police Investigation