logo

हॉकी खेलने ऑस्ट्रेलिया जाएंगी झारखंड की संदीपा और पुष्पा, सीएम हेमंत बोले- बेटियां बेमिसाल हैं

a933.jpg

द फॉलोअप डेस्क:
 

झारखंड के सिमडेगा जिले की 2 बेटियां संदीपा कुमारी और पुष्पा मांझी अब भारत के लिए हॉकी खेलेंगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस कामयाबी पर दोनों खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामना दी है। उन्होंने लिखा कि झारखंड की बेटियां बेमिसाल हैं। संदीपा और पुष्पा का चयन ऑस्ट्रेलिया में हाई-इंटेसिटी सीरीज के लिए अंडर 18  भारतीय महिला हॉकी टीम में हुआ है। संदीप कुमारी और पुष्पा मांझी को पहली बार भारतीय टीम के लिए चुना गया है। 

 

सिमडेगा में दोनों खिलाड़ियों को मिली ट्रेनिंग
गौरतलब है कि केरसाई ब्लॉक में करंगागुड़ी नवा टोली की संदीपा कुमारी, अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी संगीता कुमारी की बहन हैं। संदीपा कुमारी रेसिडेंशियल हॉकी सेंटर सिमडेगा की ट्रेनी हैं। पुष्पा मांझी कुरडेग ब्लॉक के हेथमा पंचायत के कुसुम टोली की रहने वाली हैं। पुष्पा मांझी सिमडेगा स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की ट्रेनी हैं। सिमडेगा की उपायुक्त ने यह जानकारी दी है। झारखंड की आदिवासियों बेटियों ने हॉकी में सफलता का परचम लहराया है। 

झारखंड की ही सलीमा टेटे हॉकी टीम की कप्तान
झारखंड की ही सलीमा टेटे भारतीय सीनियर महिला हॉकी टीम की कप्तान हैं। इस टीम में निकी प्रधान, ब्यूटी डुंगडुंग, संगीता कुमारी और दीपिका सोरेंग समेत कई खिलाड़ी खेलती हैं। सलीमा टेटे और निकी प्रधान तो ओलंपिक में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी है। 
 

Tags - Jharkhand Women Hockey PlayerHockey PlayerSandeepa KumariPushpa Manjhi