दुमका:
JMM का 44वां स्थापना दिवस उपराजधानी दुमका के गांधी मैदान में गुरुवार यानि आज मनाया जायेगा। इसके लिए तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी है। पूरे दुमका को पार्टी के पोस्टर से पाट दिया गया है। गांधी मैदान में कार्यक्रम शाम में शुरू होगी। इस सभा से पहले एसपी कॉलेज मैदान में पूरे संताल परगना से जुटे नेता-कार्यकर्ता व समर्थक परंपरागत वेशभूषा, तीर-धनुष तथा नगाड़े के साथ कार्यकर्ता रैली निकालेंगे। जेएमएम सुप्रीमो शिबू सोरेन पार्टी का झंडा फहराकर तथा पार्टी के शहीद व दिवंगत नेताओं को शहीद वेदी में श्रद्धापुष्प अर्पित कर सभा की शुरुआत करेंगे। कार्यक्रम को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज को दुमका पहुंचेंगे।

भव्य मंच बनाया गया
पार्टी के स्थापना दिवस को लेकर गांधी मैदान में सभा के लिए भव्य मंच बनाया गया है। मंच के शीर्ष पर बड़े आकार में तीर-धनुष जगमगाता हुआ नजर आएगा। वहीं मंच के नीचे तमाम नेताओं की तस्वीर लगी होगी। मंच के सामने 44 झंडे लहराए जाएंगे 45 पर झंडा पार्टी सुप्रीमो शिबू सोरेन द्वारा फहराया जाएगा। शहर के सभी प्रमुख मार्ग पर महापुरुषों आम शहीदों एवं पार्टी के दिवंगत नेताओं की याद में तोरण द्वार भी बनाए गए हैं। चौक चौराहों पर आकर्षक विद्युत सज्जा भी की गई है।

अपने आप में ऐतिहासिक दिन
झारखंड दिवस को लेकर दुमका विधायक बसंत सोरेन ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि पार्टी का आयोजन अपने आप में ऐतिहासिक होता है। पूरा संथाल परगना पार्टी सुप्रीमो शिबू सोरेन को सुनने के लिए उमड़ता है। उनके दिशा-निर्देश पर पूरे साल कार्यकर्ता चलते हैं। राज्य में अपनी सरकार है। सरकार क्या काम कर रही है? सरकार की क्या योजनाएं हैं? इन सभी बातों पर चर्चा होगी।