**
द फॉलोअप डेस्क
घाटशिला का शंखनाद भले आधिकारिक रूप से न हुआ हो, लेकिन झारखंड मुक्ति मोर्चा ने पहले ही चुनावी बिगुल फूंक दिया है। रविवार को झारखंड सरकार के दो-दो मंत्री घाटशिला पहुंचे और टाउन हॉल में आयोजित विधानसभा स्तरीय प्रशिक्षण शिविर में पार्टी की पूरी ताकत झोंक दी कार्यक्रम में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, मंत्री दीपक बिरुआ, सांसद जोबा माझी, विधायक समीर मोहंती, पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी, लक्ष्मण टुडू, सोमेश चंद्र सोरेन, मोहन कर्मकार, राजू गिरी, जिला परिषद चेयरमैन बारी मुर्मू समेत कई नेता मौजूद रहे।
इस दौरान मंत्री दीपक बिरुआ ने कहा कि भाजपा जितना भी जोर लगा ले, घाटशिला में झामुमो की जड़ें हिलाना आसान नहीं। हर बूथ से 500 वोट लाने का संकल्प लें। किसी में इतनी ताकत नहीं कि घाटशिला से हमें हरा सके। स्व. रामदास सोरेन ने जिस विश्वास और विकास की नींव रखी, अब उसे आगे बढ़ाना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने आगे कहा कि एक तरफ हमारे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन हैं और दूसरी ओर कोल्हान के चार पूर्व मुख्यमंत्री। जनता जानती है कि विकास किसने किया और विश्वास किस पर है। शिविर के दौरान झामुमो नेताओं ने कहा कि उपचुनाव सिर्फ एक सीट की लड़ाई नहीं, बल्कि स्व. रामदास सोरेन के अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प है।
वहीं मंत्री सुदिव्य सोनू ने उपचुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को सटीक रणनीति अपनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि उपचुनाव के दौरान प्रत्येक बूथ पर केवल एक ही व्यक्ति रहेगा, जबकि बाकी कार्यकर्ता मतदाताओं को बूथ तक लाने और उनका समुचित मार्गदर्शन करने का कार्य करेंगे। मंत्री ने कार्यकर्ताओं से ईवीएम पर विशेष नजर रखने को कहा और स्पष्ट किया कि ईवीएम में डाले गए वोट सही प्रकार से दर्ज हो रहे हैं या नहीं, इसका कड़ाई से निरीक्षण किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रखंड स्तर से लेकर बूथ स्तर तक सभी कार्यकर्ताओं को जनता तक पहुंच बनानी होगी। सुदिव्य सोनू ने कहा कि इस राज्य को बनाने वाले दिशोम गुरु शिबू सोरेन हैं, और उनके आशीवाद से हम यहां जीत हासिल करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता ने घाटशिला विधानसभा सीट पर उनकी पार्टी की जीत तय कर दी है और यह जीत मजबूती के साथ हासिल होगी।
इस प्रशिक्षण शिविर में विधानसभा क्षेत्र के सभी प्रखंडों से आए पार्टी पदाधिकारियों और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूत करने का मंत्र दिया गया। प्रत्येक बूथ से पांच-पांच कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सैकड़ों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में मंत्रियों ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा और बूथ स्तर से जीत की नींव रखने का आह्वान किया।
