logo

Ranchi : बीजेपी तो झारखंड में रोज सरकार गिराती है, अब तो साजिश का पर्दाफाश भी हो गया- सुप्रियो भट्टाचार्य

a2711.jpg

रांची: 

झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता सुप्रियो भट्टाचार्य ने शुक्रवार को पार्टी कार्यालय में एक प्रेस वार्ता को संबोधित किया। सुप्रियो भट्टाचार्य ने यहां झारखंड में सुखाड़ की स्थिति, गुजरात में बिलकिस बालो प्रकरण के दोषियों की रिहाई तथा झारखंड कांग्रेस के 3 विधायकों से जुड़े कैश कांड पर कई बातें कहीं। सुप्रियो भट्टाचार्य ने शनिवार को झारखंड में प्रस्तावित यूपीए की बैठक को लेकर भी जानकारी दी। कहा कि कल होने वाली यूपीए की बैठक काफी अहम है जिसमें सुखाड़ पर चर्चा होगी।

 

शनिवार को यूपीए की बैठक में क्या होगी बात! 
सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि झारखंड में मानसून की अनियमितता की वजह से सुखाड़ की स्थिति पैदा हो गई है। सुखाड़ की इस भयावह स्थिति में केंद्र की तरफ से कैसा व्यवहार किया जाता है, कल यूपीए की बैठक में इस पर चर्चा होगी। केंद्र के रूख पर महागठबंधन सरकार का रूख क्या होगा, ये भी चर्चा का विषय है। उन्होंने कहा कि हम देखेंगे कि केंद्र सरकार कैसे मदद करती है। बाकी राज्यों में तुरंत सबकुछ चल जाता है लेकिन हमारे राज्य में चीजें आने में समय लग जाता है। कल इस स्थिति पर चर्चा होगी। 

झारखंड में रोज सरकार गिराती है बीजेपी: सुप्रियो
झारखंड में राजनीतिक हलचल को लेकर सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी तो 29 दिसंबर 2019 से यानी जबसे झारखंड में सरकार का गठन हुआ है, रोज सरकार गिराती है। इस बीच प्रदेश में 4 उपचुनाव हो चुके हैं। भारतीय जनता पार्टी ने हर बार कहा कि नतीजा आने दीजिए। दूसरे दिन ही सरकार गिर जाएगी। सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि मैं बीजेपी के साथियों से पूछना चाहता हूं कि कितनी बार सरकार गिराइयेगा। सरकार गिराने की साजिश का तो पर्दाफाश भी हो चुका है। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के प्रेस सलाहकार के आवास पर छापा पड़ा। 

बिलकिस बानो प्रकरण में केंद्र की आलोचना की
सुप्रियो भट्टाचार्य ने गुजरात के बिलकिस बानो प्रकरण पर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने इसे लेकर केंद्र और गुजरात सरकार पर निशाना साधा। सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि बिलकिस बानो के दोषियों को रिहा कर दिया गया। दोषियों का स्वागत फूल-माले के साथ किया गया। गुजरात सरकार ने तर्क दिया कि दोषियों की रिहाई कानूनी प्रावधानों के तहत की गई है जबकि सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि मामला दुर्लभ से दुर्लभतम की श्रेणी में आता है। दंगा, बलात्कार और जघन्य हत्या के दोषियों को इन प्रावधानों के तहत रिहाई नहीं मिल सकती है।

सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि दंगाई, बलात्कारी और हत्यारों की सजा माफ हुई है। देश में मां-बहनों की आबरू का सौदा किया गया। हमलोग किश दिशा में जा रहे हैं। 


सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि मुद्दा काफी गंभीर है। मैं चाहूंगा कि केंद्र सरकार इस पर अपना स्टैंड साफ करे। भारतीय जनता पार्टी भी स्थिति स्पष्ट करे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री एक व्यक्ति नहीं बल्कि संस्थान हैं और जब कोई संस्थान कुछ कहता है तो वो देश के लिए काफी महत्वपूर्ण होता है। बतौर मुख्यमंत्री किसी संस्थान के बात की वैल्यू क्या होती है, ये बीजेपी को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से सीखनी चाहिए। माटी हमारी मां है। मुख्यमंत्री ने इसकी रक्षा का संकल्प लिया और इसे पूरा भी कर रहे हैं।