द फॉलोअप डेस्क
आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री सुदेश महतो ने आज घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में एनडीए प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन के पक्ष में प्रचार अभियान चलाया। चतरो तथा सिंहपुरा की चुनावी सभा में महतो ने कहा कि अंग्रेजों की बांटो और राज करो वाली झामुमो की नीति को जनता समझ चुकी है। जनता अब भ्रमित नहीं होगी। इस बार का वोट झारखंड की राजनीति में बदलाव का संदेश देगा। घाटशिला की जनता एकजुट होकर बाबूलाल सोरेन के पक्ष में खड़ी है। मीडिया को संबोधित करते हुए महतो ने कहा कि घाटशिला उपचुनाव केवल एक विधानसभा का चुनाव नहीं है। यह चुनाव झारखंड की राजनीति की दिशा और दशा तय करने वाला जनादेश देगा। इस चुनाव को हमें एक व्यापक दृष्टिकोण से देखना होगा, क्योंकि यह पिछले 6 वर्षों की राज्य सरकार की नाकामियों का प्रतीक है। महतो ने धालभूमगढ़ के मुरुडीह, बुराकाटी, जोलकाटा, भाकर आदि ग्रामों में भी प्रचार अभियान चलाया।

जनता के मुद्दे होंगे चुनाव का आधार
उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह चुनाव उन मुद्दों पर लड़ा जाएगा जो गांव की आवश्यकता और जनता की जरूरत से जुड़े हैं। वर्तमान सरकार मुद्दों को थोपने का काम करती है, लेकिन असली मुद्दे जनता के बीच से निकलते हैं। आजसू पार्टी उन्हीं मुद्दों को लेकर जनता के बीच जा रही है। महतो ने मंईयां सम्मान योजना पर कहा कि यह योजना सरकार की अक्षमता का उदाहरण है। यह एक साल भी सही ढंग से नहीं चल पाई। लगभग 6.50 लाख महिलाओं के नाम सूची से हटा दिए गए। यह दिखाता है कि राज्य का वित्तीय प्रबंधन पूरी तरह असफल हो चुका है। पूरे साल में केवल चार बार ही राशि जारी की जा सकी है। यह महिला सम्मान योजना नहीं बल्कि महिला अपमान योजना बन गई है। 25 वर्षों से झारखंड के युवाओं को सिर्फ़ आश्वासन दिया जा रहा है। हज़ारों पद रिक्त हैं, लेकिन सरकार जानबूझकर नौकरियाँ नहीं दे रही है क्योंकि उसे वित्तीय बोझ का डर है।

इस अवसर चुनाव प्रभारी एवं पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस, बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो, पूर्व विधायक डॉ लम्बोदर महतो, केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो, सागेन हांसदा, जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह, रांची जिप अध्यक्ष निर्मला भगत, पार्वती देवी, सुखलाल हेंब्रम, राजू कर्मकार, रामदेव हेंब्रम, राकेश मुर्मू, बुद्धेश्वर मुर्मू, बनबिहारी महतो, जिप सदस्य फूल कुमारी देवी , जिप सदस्य सरिता देवी, बोकारो जिप उपाध्यक्ष बबिता देवी, सत्यनारायण महतो, संजय मेहता, राजेश महतो , नवीन महतो , टिकैत महतो, ओम वर्मा , सपन सिंह देव, सचिन महतो जी एवं करण महतो आदि उपस्थित रहे।
.jpeg)