logo

JSSC-CGL मामले में सचिवालय का क्लर्क सुधाकर यादव गिरफ्तार

JSSC-CGL मामले में सचिवालय का क्लर्क सुधाकर यादव गिरफ्तार

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः

जेएसएससी सीजीएल मामले की जांच कर रही सीआईडी ने झारखंड सचिवालय में क्लर्क के पद पर कार्यरत सुधाकर कुमार उर्फ सुधाकर यादव को गिरफ्तार किया है। सीआईडी ने उसे देवघर के रिखिया थाना क्षेत्र के बैजनाथपुर बंधा स्थित एक मकान से पकड़ा था। इसके बाद उसे रांची लाकर पूछताछ की गई और अब उसकी गिरफ्तारी की पुष्टि हुई है। सुधाकर यादव मूल रूप से बिहार के बांका जिले के जयपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है और वर्ष 2018 से रांची सचिवालय में लिपिक के पद पर कार्यरत था। पूछताछ के दौरान उसने अधिकारियों को बताया था कि उसका तबादला दुमका हो गया है, इसलिए वह देवघर में रह रहा था। हालांकि, जांच में उसका नाम सीजीएल मामले से जुड़े लोगों के साथ सामने आया।


 

अभ्यर्थियों से पूछताछ में सामने आया नाम
सीआईडी की ओर से पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों और परीक्षार्थियों से पूछताछ के दौरान सुधाकर यादव की भूमिका सामने आने की बात कही जा रही है। जांच के मुताबिक, उस पर अभ्यर्थियों को अनुचित तरीके से परीक्षा पास कराने की कथित ‘सेटिंग’ में शामिल होने का आरोप है। आरोप है कि वह अभ्यर्थियों को अलग-अलग ठिकानों पर ले जाकर परीक्षा से पहले प्रश्न और उत्तर रटवाने के खेल में शामिल था। सुधाकर के ठिकाने से परीक्षार्थियों के प्रमाण पत्र और चेक समेत अन्य दस्तावेज मिलने की भी जानकारी सामने आई है। मामले में सीआईडी उससे पूछताछ कर कथित नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

Tags - JSSC CGL CID Jharkhand Sudhakar Yadav Deoghar News Jharkhand News