logo

जामताड़ा में देर रात जूता व्यवसायी के घर और गोदाम पर ताबड़तोड़ फायरिंग,  इलाके में दहशत

jhkglkdgn.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात अपराधियों के हौसले बुलंद दिखाई दिए। कानगोई इलाके में स्थित प्रसिद्ध ‘राजू फुटवेयर’ के संचालक के घर और गोदाम को निशाना बनाते हुए अज्ञात अपराधियों ने दो राउंड फायरिंग कर दी। इस अचानक हुई गोलीबारी से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यह घटना रात करीब 10 बजे की है। एक बाइक पर सवार नकाबपोश अपराधियों ने बिना किसी चेतावनी के राजू फुटवेयर के घर और गोदाम की ओर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। दो राउंड हवाई फायरिंग करने के बाद हमलावर तेजी से बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। गोलियों की आवाज सुनते ही आसपास के लोग दहशत में आ गए और अपने घरों से बाहर निकल आए। घटना की सूचना मिलते ही मिहिजाम थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस घटनास्थल से खोखे और अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी है। अपराधियों का सुराग लगाने के लिए आसपास के घरों और दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है। हालांकि, इस घटना ने स्थानीय पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गनीमत यह रही कि इस गोलीबारी में दुकान में मौजूद किसी भी व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं हुआ। सूचना मिलते ही मिहिजाम पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गई। जामताड़ा के एसडीपीओ विकास आनंद लागुरी और थाना प्रभारी विवेकानंद दुबे भी बुधवार-गुरुवार की मध्य रात्रि तक मौके पर डटे रहे और विभिन्न पहलुओं से जांच करते रहे। इस संबंध में फुटवेयर के मालिक राजू प्रसाद ने बताया कि दुकान पर दो राउंड गोली चलाई गई, जिससे परिवार और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

 

Tags - Jamtara firing incident Late night firing Jharkhand Raju Footwear attack Jamtara Unknown criminals firing India CCTV investigation Jharkhand police Bihar Jharkhand border crime news Shop owner attacked Jharkhand Warehouse firing incident India