logo

महगामा क्षेत्र में विकास की नई पहल, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने 3 करोड़ की योजनाओं की रखी नींव 

DPS.JPG

द फॉलोअप डेस्क 

झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने महगामा विधानसभा क्षेत्र के मेहरमा प्रखंड सह अंचल परिसर में करीब 3 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली दो महत्वपूर्ण योजनाओं का विधिवत शिलान्यास किया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। शिलान्यास किए गए कार्यों में परिसर में पार्क का निर्माण, पीसीसी सड़क का निर्माण तथा चारदीवारी का निर्माण शामिल है। इन योजनाओं का उद्देश्य प्रखंड एवं अंचल कार्यालय परिसर को अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित और जनहितकारी बनाना है, ताकि यहां आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। वहीं कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ आम जनता को बेहतर प्रशासनिक सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि सभी योजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराया जाएगा। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही स्थानीय लोगों से भी अपील की कि वे विकास कार्यों की निगरानी में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। इस पहल से मेहरमा प्रखंड क्षेत्र में विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है, वहीं स्थानीय लोगों ने भी इस कार्य के लिए मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

Tags - deepika pandey singh mahgama mehrma block rural development minister jharkhand government park construction pcc road construction boundary wall construction public facilities