द फॉलोअप, जमशेदपुर:
Jharkhand News: पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध महुआ शराब के निर्माण (Illegal Liquor Manufacturing) और कारोबार के खिलाफ पुलिस ने व्यापक छापेमारी अभियान (Raid) चलाया। एसएसपी डॉ. ऐहतेशाम वकारिब (SSP Dr Ahtesham Waqarib) के निर्देश पर गुरुवार को बोड़ाम और सुंदरनगर थाना क्षेत्रों के जंगलों में की गयी कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से संचालित कई शराब की भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया गया। पुलिस ने मौके से करीब 850 किलो जावा महुआ और 40 लीटर महुआ शराब बरामद की। शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले ड्रम, बर्तन समेत अन्य उपकरण भी जब्त किये गये। बरामद शराब और जावा महुआ के साथ सभी उपकरणों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। एसएसपी के निर्देश पर गठित अलग-अलग पुलिस टीमों ने गुप्त सूचना के आधार पर बोड़ाम थाना क्षेत्र के मुकरूडीह और लाइलोंम तथा सुंदरनगर थाना क्षेत्र के करवाडूंगरी के घने जंगलों में छापेमारी की।

कारोबार में शामिल लोगों की पहचान की जा रही
जंगल के भीतर सुनसान स्थानों पर चलायी जा रही इन अवैध भट्ठियों को पुलिस ने चिह्नित कर एक साथ कार्रवाई की। पुलिस टीम के पहुंचते ही शराब निर्माण में लगे लोगों में अफरा-तफरी मच गयी। हालांकि, मौके से किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है। छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में जावा महुआ और तैयार शराब मिलने से जंगलों में अवैध शराब निर्माण के कारोबार का पता चला। पुलिस ने सभी भट्ठियों को तोड़ने के साथ शराब तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री को भी नष्ट कर दिया, ताकि दोबारा वहां इस कारोबार को शुरू नहीं किया जा सके। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी के खिलाफ अभियान (Campaign against hoarding and smuggling) आगे भी जारी रहेगा। इस कारोबार में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में अवैध शराब के ठिकानों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।
