logo

जामताड़ा में दर्दनाक सड़क हादसा, घायल युवक बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर 

jam_acc.jpg

जामताड़ा
जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बरियारपुर गांव के समीप सोमवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान मंझलाडीह गांव निवासी 25 वर्षीय रज्जाक अंसारी के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मिली जानकारी के अनुसार रज्जाक अंसारी अपने घर मंझलाडीह से नारायणपुर किसी कार्य से आ रहे थे। इसी दौरान बरियारपुर गांव के पास विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही एक स्विफ्ट डिजायर कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और घायल युवक को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर पहुंचाया गया।

सड़क दुर्घटना पर प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग

वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद कार चालक वाहन लेकर मौके से फरार होने की कोशिश करने लगा। हालांकि स्थानीय लोगों की तत्परता से नारायणपुर बस स्टैंड मोड़ के पास उस स्विफ्ट डिजायर कार को पकड़ लिया । घटना से आक्रोशित लोगों ने कार में तोड़फोड़ भी की। इधर, सूचना मिलने पर नारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं घायल युवक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार के कारण बढ़ते सड़क दुर्घटना पर प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Tags - Jamtara road accident Narayanpur police station case youth seriously injured in accident reckless driving accident