logo

विधायक अंबा प्रसाद ने पीएम मोदी के दौरे को बताया झारखंड के साथ छलावा

amba4.jpg

रांची 

हजारीबाग जिले के बड़कागांव की विधायक अंबा प्रसाद ने पीएम नरेंद्र मोदी के रांची दौरे को झारखंड के साथ छलावा कहा है। अंबा प्रसाद ने कहा है कि पीएम मोदी का ये दौरा तब हो रहा है, जब चुनाव नजदीक हैं। कहा कि ये पूरी तरह से चुनावी दौरा है। चुनाव के समय अक्सर बरसाती मेढक देखने के लिए मिलते हैं। उन्होंने कहा कि इससे अच्छा होता कि केंद्र की ओऱ से 15 नवंबर, झारखंड स्थापना दिवस के दिन राज्य के लिए किसी योजना की सौगात मिलती। जिससे झारखंड की जनता का कुछ भला हो पाता। लेकिन पीएम मोदी के इस चुनावी दौरे से जनता को क्या मिलने वाला है, इसे खुद बीजेपी के नेता भी समझ रहे हैं। कहा कि पीएम का दौरा पूरी तरह से वोटरों को लुभाने के लिए आयोजित किया जा रहा है। 

ये पॉजिटिव पॉल्टिक्स की पहचान नहीं
विधायक अंबा प्रसाद ने कहा कि ये पॉजिटिव पॉल्टिक्स की पहचान नहीं है। प्रधानमंत्री का दौरा 15 नवंबर को हो रहा है। इस पर अंबा प्रसाद ने कहा कि 15 नवंबर को झारखंड स्थापना दिवस के साथ बिरसा मुडा का जन्मदिन भी है। ठीक इसी दिन पीएम मोदी का उलीहातु खूंटी दौरा राज्य के आदिवासी वोटरों को लुभाने का प्रयास भर है। विधायक अंबा ने कहा कि पीएम मोदी चाहते तो इससे पहले भी झाऱखंड का दौरा कर सकते थे। उनके झारखंड दौरे के लिए 15 नवंबर का समय एक सोची-समझी राजनीतिक रणनीति के तहत तय किया गया है। कहा कि इससे जनता को कुछ हासिल होने वाला नहीं है। 

हटिया विधायक नवीन जायसवाल ने दी कड़ी प्रतिक्रिया 
विधायक अंबा प्रसाद के इस बयान पर हटिया के बीजेपी विधायक नवीन जायसवाल ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। जायसवाल ने कहा है कि अंबा उनकी छोटी बहन की तरह है। लेकिन उनको ये पता होना चाहिये के देश का प्रधानमंत्री किसी का पार्टी का प्रतिनिधि नहीं होता है। वो पूरे देश का प्रतिनिधि होता है। इसलिए पीएम मोदी के दौरे को राजनीति से जोड़कर देखना गलत होगा। ऐसा बोलने से पहले कांग्रेस विधायक अंबा प्रसाद और कांग्रेस को भी, अपने गिरेबान में झांककर देखना चाहिये। कांग्रेस ने झारखंड के लिए क्या किया है, सभी को पता है। बीजेपी के केंद्र में रहते हुए ही झारखंड राज्य का निर्माण हुआ। मोदी के प्रधानमंत्री रहते ही झारखंड के लिए कई तरह की योजनाओं की शुरुआत की गयी।