logo

हजारीबाग : नीट 2025 में सफलता प्राप्त करने वाली मोनिका कुमारी को पूर्व मंत्री जय प्रकाश भाई पटेल ने किया सम्मानित

jp_patel.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

नीट 2025 परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त करने वाली चुरचू प्रखंड अंतर्गत ग्राम चनारो की बेटी मोनिका कुमारी को रविवार को एक सम्मान समारोह में पूर्व मंत्री जय प्रकाश भाई पटेल ने बुके और उपहार देकर सम्मानित किया। मोनिका ने नीट परीक्षा में ऑल इंडिया 3174वीं रैंक हासिल कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
सम्मान समारोह के दौरान पूर्व मंत्री ने मोनिका को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि नारी सशक्तिकरण और शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक उदाहरण है। उन्होंने कहा, "छात्र जीवन मेहनत का समय होता है, इसी समय जीवन की दिशा तय होती है। आज के आधुनिक युग में संसाधन तो उपलब्ध हैं, लेकिन सही मार्गदर्शन, अनुशासन और अभिभावकों की भूमिका सबसे अहम होती है।"
उन्होंने मोनिका के माता-पिता, विशेषकर पिता धनवारी महतो को बधाई दी, जिन्होंने सीमित संसाधनों में भी बेटी की शिक्षा के लिए हरसंभव सहयोग दिया। मोनिका की सफलता क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी। इस अवसर पर भाजपा के जिला महासचिव जय प्रकाश यादव, पूर्व विधायक प्रतिनिधि आरीफ अंसारी, समाजसेवी भूषण पटेल, आनंद मरांडी, सुरेश महतो, देवकी महतो, सुरेश साव, चंद्रदीप महतो, मुकुल देव महतो समेत बड़ी संख्या में क्षेत्र के बुद्धिजीवी, ग्रामीण और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

समारोह में वक्ताओं ने मोनिका की उपलब्धि को महिला शिक्षा और ग्रामीण प्रतिभा की जीत बताया। सभी ने एक स्वर में कहा कि अगर ग्रामीण इलाकों को भी सही संसाधन और अवसर मिले तो वे भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी छाप छोड़ सकते हैं। मोनिका ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और कठिन परिश्रम को दिया। उन्होंने मेडिकल क्षेत्र में आगे बढ़कर समाज की सेवा करने की इच्छा भी जताई।


 

Tags - JP patel jharkhand latest news hazaribagh news hazaribagh news Updates latest hazaribagh News Updates latest updates latest Jharkhand News jharkhand Updates