logo

सर्च अभियान : 5-5 किलो का 12 आईईडी बरामद, विफल हुआ नक्सलियों का मंसूबा 

851.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पुलिस व सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने का नक्सलियों का मंसूबा विफल हो गया है। रविवार को पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) जिले के टोन्टो थाना क्षेत्र में सर्च अभियान के दौरान रंगाहातु गांव के कोचाबाधा जंगल से 12 आईईडी बम बरामद हुआ। सुरक्षाबलों ने जिन बमों को बरामद किया वह पांच- पांच किलो का था। इसको लेकर चाईबासा एसपी आशुतोष शेखर ने बताया कि पुलिस और सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से ही आईईडी बम लगाया गया था। मगर पुलिस-सुरक्षाबलों की सक्रियता से यह मंसूबा एक बार फिर से फेल हो गया। बरामद सभी आईईडी को बम निरोधक दस्ता ने डिफ्यूज कर दिया।

मिसिर बेसरा के भ्रमणशील होने की थी जानकारी
प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के खिलाफ कोल्हान कोर एरिया में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इधर, पुलिस को सूचना मिली थी कि नक्सलियों के एक करोड़ की इनामी शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, चमन, कांडे, अजय महतो, सांगेन अंगरिया एवं अपने दस्ता सदस्यों के साथ कोल्हान क्षेत्र में भ्रमणशील हैं। इसी सूचना के आधार पर लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। बताते चलें कि बीते शनिवार को भी पांच-पांच किलो के दस आईईडी बम को बरामद किए जाने के बाद बम निरोधक दस्ता ने डिफ्यूज कर दिया था।