logo

Ranchi : 4 जुलाई को रांची आएंगी द्रौपदी मुर्मू, विभिन्न राजनीतिक दल के नेताओं से करेंगी मुलाकात

a419.jpg

डेस्क: 

राष्ट्रपति चुनाव के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू 4 जुलाई को रांची आएंगी। रांची प्रवास के दौरान द्रौपदी मुर्मू विभिन्न राजनीतिक दलों के कई नेताओं से मुलाकात करेंगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति चुनाव में विभिन्न राजनीतिक दलों का समर्थन मांगेंगी। द्रौपदी मुर्मू शनिवार को दक्षिण भारत के दौरे पर थीं जहां उन्होंने एनडीए घटक दल के नेताओं से मुलाकात की। एआईडीएमके सहित कई क्षेत्रीय पार्टियों ने द्रौपदी मुर्मू के समर्थन का ऐलान किया है। 

झारखंड मुक्ति मोर्चा से मांगेंगी समर्थन
कहा जा रहा है कि एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू अपने रांची प्रवास के दौरान मुख्य रूप से झारखंड मुक्ति मोर्चा से समर्थन मांग सकती हैं। इसकी प्रबल संभावना भी है कि झामुमो द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करे। इसके कई कारण हैं। दरअसल, द्रौपदी मुर्मू का झारखंड कनेक्शन है। द्रौपदी मुर्मू झारखंड की राज्यपाल रह चुकी हैं। उन्होंने यहां पांच साल का कार्यकाल पूरा किया है।

द्रौपदी मुर्मू संताल आदिवासी समाज से आती हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा के सुप्रीमो शिबू सोरेन और उनके बेटे तथा राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इसी संताल समाज से आते हैं। संताल परगना प्रमंडल के छह जिलों में संताल आदिवासी समाज के लोग बहुतायात में रहते हैं। द्रौपदी मुर्मू देश की पहली आदिवासी राष्ट्रपति  होंगी। ऐसे में इस बात की प्रबल संभावना है कि झारखंड मुक्ति मोर्चा द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करे। झामुमो ने इसके संकेत भी दिए हैं। 

21 जून को घोषित किया था द्रौपदी मुर्मू का नाम
गौरतलब है कि 21 जून को एनडीए ने झारखंड की पहली महिला राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित किया। द्रौपदी मुर्मू ने 24 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह तथा केंद्रीय मंत्रियों और बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की उपस्थिति में नामांकन किया। इस बीच द्रौपदी मुर्मू ने पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से अलग-अलग मुलाकात की।

द्रौपदी मुर्मू अलग-अलग राज्यों का दौरा कर वहां राजनीतिक दलों से अपनी उम्मीदवारी पर समर्थन मांग रही हैं। द्रौपदी मुर्मू हरियाणा भी जा चुकी हैं। फिलहाल, दक्षिण के दौरे पर हैं। 

पांच जुलाई को बिहार जाएंगी द्रौपदी मुर्मू
द्रौपदी मुर्मू 5 जुलाई को बिहार भी आएंगी। बिहार में भी अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेताओं से मुलाकात कर उनका समर्थन मांगेंगी। हालांकि, एनडीए के घटक दल जेडीयू ने पहले ही द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करने का ऐलान किया है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी की पार्टी हम भी द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करेगी।

बिहार प्रवास के दौरान द्रौपदी मुर्मू, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और जीतनराम मांझी सहित कई अन्य नेताओं से मुलाकात करेंगी। राष्ट्रपति चुनाव 18 जुलाई को होगा। 21 जुलाई को नतीजे आएंगे। संख्याबल के हिसाब से द्रौपदी मुर्मू का अगला राष्ट्रपति बनना तय है।