द फॉलोअप,जामताड़ाः
जिले के फतेहपुर प्रखंड अंतर्गत डुमरिया गांव के समीप सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गोविंदपुर-साहिबगंज स्टेट हाईवे पर ओवरब्रिज के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके एक-एक पैर बुरी तरह कुचल गए। इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, करमाटांड़ प्रखंड के कठबरारी गांव निवासी चेतलाल मंडल (45) और श्यामलाल मंडल (45) बाइक से चाकुंडा गांव स्थित निवारण मंडल के घर जा रहे थे। इसी दौरान डुमरिया ओवरब्रिज पर सामने से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए निजी गाड़ी की व्यवस्था की और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नारायणपुर पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) रेफर कर दिया। अस्पताल में इलाज के दौरान चेतलाल मंडल की मौत हो गई, जिससे उनके परिवार में कोहराम मच गया है। वहीं, दूसरे घायल श्यामलाल मंडल की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। इस दुर्घटना के बाद से इलाके में शोक का माहौल है।
