पलामू:
Plamu News: पलामू जिले में अवैध हथियारों के निर्माण के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पाण्डु थाना क्षेत्र के रतनाग गांव स्थित महुआ धाम में एक घर के अंदर संचालित मिनी गन फैक्ट्री का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। यहां अवैध रूप से देशी कट्टा बनाने का काम किया जा रहा था। पुलिस ने छापेमारी के दौरान एक देशी कट्टा, दो अर्धनिर्मित लोहे के बैरल, बंदूक के अर्धनिर्मित बट और बॉडी समेत हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने 58 वर्षीय उदय मिस्त्री को गिरफ्तार किया है।
छापेमारी में हथियार बनाने के उपकरण बरामद
पुलिस ने मौके से एक देशी कट्टा, लकड़ी का अर्धनिर्मित बट, दो लोहे के अर्धनिर्मित बैरल और ट्रिगर व ट्रिगर गार्ड लगी बंदूक की अर्धनिर्मित बॉडी जब्त की है। इसके अलावा हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले हथौड़ी, रेती, रिंच, छेनी, रूखानी, सलाई रिंच और लकड़ी में छेद करने वाले उपकरण भी बरामद किए गए हैं। छापेमारी के दौरान पुलिस ने बंदूक बनाने में इस्तेमाल होने वाले करीब 70 छोटे-बड़े लोहे के टुकड़े भी जब्त किए हैं।
अमित कुमार सिंह से पूछताछ में हुआ खुलासा
पुलिस के अनुसार, पाण्डु थाना में दो अगस्त को आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इस मामले में रतनाग गांव निवासी अमित कुमार सिंह उर्फ पप्पू सिंह अभियुक्त था। उसके घर से पुलिस ने दो देशी कट्टे बरामद किए थे। हालांकि, छापेमारी के दौरान अमित कुमार सिंह घर पर मौजूद नहीं था। गिरफ्तारी के डर से वह फरार चल रहा था। बाद में पुलिस की लगातार दबिश के कारण उसने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया।
रिमांड पर पूछताछ के बाद उदय मिस्त्री तक पहुंची पुलिस
अमित कुमार सिंह के आत्मसमर्पण के बाद पुलिस ने उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की। इस दौरान उसने खुलासा किया कि उसके घर से बरामद दोनों देशी कट्टे उदय मिस्त्री से खरीदे गए थे। उसने पुलिस को बताया कि उदय मिस्त्री महुआ धाम स्थित अपने घर में देशी कट्टा और अन्य हथियारों का निर्माण करता है।
पुलिस टीम ने घर में की छापेमारी
अमित कुमार सिंह से मिली जानकारी के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विश्रामपुर चिरंजीव मंडल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उदय मिस्त्री के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर के अंदर अवैध मिनी गन फैक्ट्री संचालित होने का खुलासा हुआ। पुलिस ने मौके पर मौजूद 58 वर्षीय उदय मिस्त्री को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।