logo

घाटशिला उप चुनाव : राजनीतिक दलों से है उप चुनाव में आदर्श आचार संहिता के अनुपालन की अपेक्षाः के रवि कुमार

ghatshila-2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने कहा है कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 45– घाटशिला  (अ.ज.जा) विधानसभा क्षेत्र में उप चुनाव की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता प्रवृत्त  हो गई है।  उप निर्वाचन के दौरान सभी राजनीतिक दलों से अपेक्षा है कि वे आदर्श आचार संहिता के अनुपालन हेतु अपने जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं को भी जागरूक करें। ताकि स्थानीय स्तर के कार्यकर्ताओं के द्वारा आदर्श आचार संहिता का सम्यक रूपेण अनुपालन सुनिश्चित हो सके। के रवि कुमार घाटशिला विधानसभा क्षेत्र  के उप चुनाव संबंधित मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ निर्वाचन सदन में बैठक कर रहे थे।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से आग्रह किया कि वे अपने बीएलए 1 एवं बीएलए 2 को नियुक्त करते हुए सक्षम पदाधिकारियों तक इनका विवरण ससमय साझा करें, जिससे उप चुनाव संबंधित विषयों पर समन्वय स्थापित किया जा सके। रवि कुमार ने बताया कि उप चुनाव के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर अंदर एवं बाहर की ओर सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से वेबकास्टिंग की जाएगी। साथ ही विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत एवं सीमाओं पर चेकपोस्ट भी तैयार किए गए हैं जिस पर सीसीटीवी द्वारा वेबकास्टिंग के माध्यम से भी निगरानी रखी जा रही है।

बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों  के साथ आदर्श–आचार संहिता के दौरान क्या करें क्या न करें से संबंधित दिशा–निर्देश, भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी प्रेस नोट की कॉपी, मतदान केंद्र पर अन्य वैकल्पिक दस्तावेज हेतु मार्गदर्शिका एवं उप चुनाव संबंधित दिशा निर्देश साझा किए गए। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा प्राप्त सुझावों पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने संज्ञान लेते हुए कहा कि इसपर भारत निर्वाचन आयोग से प्राप्त दिशा निर्देशों को ध्यान में रखते हुए अग्रेत्तर कार्रवाई की जाएगी। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से अनुरोध किया है कि किसी आपराधिक पूर्ववृत्त वाले अभ्यर्थी के चयन की स्थिति में फॉर्म  1, 2 एवं 7 में जानकारी का प्रकाशन संबंधी नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करें। इस अवसर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि सहित नोडल पदाधिकारी देव दास दत्ता, अवर निर्वाचन पदाधिकारी  सुनील कुमार सहित मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

Tags - Ghatsila by-election CEO held a meeting representatives of political parties emphasis on compliance with the code of conduct