logo

झारखंड में 8 दिन में 800 KM की दूरी नापेंगे राहुल गांधी, 2 फरवरी से शुरू होगी न्याय यात्रा

ीोपहत_ुोल्पग.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा 14 जनवरी से शुरू करने जा रहे हैं। इस बार की यात्रा की खास बात यह है कि यह झारखंड से भी गुजरेगी। पश्चिम बंगाल से होते हुए दो से पांच फरवरी के बीच झारखंड में प्रवेश करेगी। यह यात्रा मणिपुर से मुबंई तक होगी। इस बार राहुल गांधी की यह यात्रा झारखंड से भी गुजरेगी। यात्रा के दौरान राहुल गांधी झारखंड में 8 दिन रहेंगे। झारखंड के पांच प्रमंडलों के 13 जिलों में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा होगी। फरवरी की शुरुआत में न्याय यात्रा का कारवां झारखंड के 'संतालपरगना पहुंचेगा। आठ दिनों की यात्रा में 800 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी। कांग्रेस कमेटी ने इसका शिड्यूल जारी कर दिया है। 14 जनवरी से मणिपुर के इंफाल से यात्रा शुरू होगी। 20 मार्च को मुंबई में इसका समापन होगा। झारखंड में दो चरणों में यह यात्रा होगी। पहले चरण में 11 जिलों में यात्रा निकाली जाएगी, जबकि दूसरे चरण में पलामू-गढ़वा में यात्रा पहुंचेगी फिर बिहार निकल जाएगी। पश्चिम बंगाल से झारखंड के संताल परगना में न्याय यात्रा प्रवेश करेगी। 


कांग्रेस तैयारी में जुटी 
प्रदेश कांग्रेस इसकी तैयारी में जुट गई है। यह कहना है झारखंड के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर का। वे रविवार को कांग्रेस भवन में प्रेस कांफ्रेंस कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मणिपुर के लोगों व महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए न्याय यात्रा वहां से शुरू की जा रही है। वहां देश भर से कांग्रेसी जुटेंगे। मणिपुर में लगातार घटनाएं हो रही है। प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री इसकी उपेक्षा कर रहे हैं। झारखंड में न्याय यात्रा को सफल बनाने के लिए पार्टी पदाधिकारियों को चार-चार किमी की जिम्मेदारी दी जा रही है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भारत न्याय यात्रा का स्टीकर भी जारी किया।राजेश ठाकुर ने कहा कि झारखंड के लोगों के साथ अन्याय हो रहा है। झारखंड में जो तांडव चल रहा है उसे कांग्रेस नेतृत्व भी गंभीरता से ले रहा है। गठबंधन सरकार के मुखिया हेमंत सोरेन हैं। उनकी और हमारे मंत्रियों की मंशा है कि सरकार की योजना जनता तक पहुंचे। लेकिन केंद्र की स्वतंत्र एजेंसियां गुलाम की तरह बाधा डाल रही है। इससे झारखंड में न्याय दिलाने की ज्यादा जरुरत है। 


इंडिया गठबंधन के सहयोगियों को न्योता 
झारखंड के दुमका, जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, रांची, खूंटी, सरायकेला, जमशेदपुर, चाईबासा, पलामू और गढ़वा में न्याय यात्रा का कारवां जाएगा। इसके लिए यात्रा में इंडिया गठबंधन के नेताओं को भी न्योता दिया गया है। इंडिया गठबंधन के सहयोगियों को भारत जोड़ो न्याय यात्रा में आमंत्रित कर कांग्रेस ने यह संदेश दिया है कि इस बार वो गठबंधन कों लेकर समर्पित हैं। यह यात्रा झारखंड कांग्रेस के लिए संजीवनी का काम कर सकती है, क्योंकि झारखंड में इसी साल लोकसभा और विधानसभा चुनाव होने हैं। झारखंड प्रदेश कांग्रेस के महासचिव राकेश सिन्हा ने बताया कि राहुल गांधी की भारत न्याय यात्रा से झारखंड कांग्रेस में और मजबूत होगी। गठबंधन को भी ताकत मिलेगी। राहुल गांधी की न्याय यात्रा किस रुट से गुजरेगी इसका चार्ट तैयार कर लिया गया है। नागालैंड, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात होते हुए 20 मार्च को यात्रा मुंबई पहुंचेगी। इस दौरान कुल 110 जिले, 100 लोकसभा औ 337 विधानसभा सीट कवर होंगे। यूपी में 11 दिन में सर्वाधिक 1,074 किमी की यात्रा होगी। 

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N\