logo

जामताड़ा : तालाब में डूबने से सगी बहनों की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

ghgyhu.jpg

जामताड़ा: 

गांव के तालाब में नहाने गईं 2 सगी बहनों की डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृत बहनों की पहचान 13 वर्षीय करिश्मा कुमारी और 10  वर्षीय कंचन कुमारी के रूप में हुई है। मामला जामताड़ा जिला के करमाटांड़ थानाक्षेत्र अंतर्गत निमाडीह गांव का है। आरंभिक जांच के मुताबिक दोनों बहनें स्कूल जाने की तैयारी कर रही थीं। इसलिए दोनों गांव के सरकारी तालाब में नहाने गई थीं। 

 

छोटी बहन को बचाने में डूबी बड़ी बहन
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नहाने के दरम्यान कंचन गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। ये देख बड़ी बहन करिश्मा ने उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन वो भी डूबने लगी। वहीं पास ही नहा रही महिलाओं ने शोर मचाया तो लोग बहनों को बचाने पहुंचे। ग्रामीणों ने दोनों बहनों को पानी से निकाला लेकिन करिश्मा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। कंचन की सांसे चल रही थी। परिजन उसे लेकर पहले जिले के पारस अस्पताल पहुंचे जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच धनबाद रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान कंचन ने भी दम तोड़ दिया। 

 

आपदा राहत कोष से मिलेगा मुआवजा
परिजनों ने बताया कि करिश्मा 8वीं कक्षा में पढ़ती थी वहीं छोटी बहन कंचन 5वीं कक्षा की छात्रा थी। दोनों बहनों के आकस्मिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी दीपक कुमार ठाकुर औऱ एसआई अरविंद कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे शव को अपने कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल भिजवाया। स्थानीय विधायक रणधीर कुमार सिंह निमाड़ीह गांव पहुंचे। विधायक ने आपदा प्रबंधन द्वारा मृतिका के परिजन को 4 लाख मुआवजा दिलाने की बात कही।