द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा में जयनगर से पुरी जा रही एक्सप्रेस ट्रेन में अचानक धुआं निकलने से यात्रियों में भारी अफरा-तफरी मच गई। यह घटना जामताड़ा रेलवे स्टेशन से लगभग एक किलोमीटर दूर सहाना गांव के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन के जनरल कोच से अचानक घना धुआं निकलते ही बोगी में बैठे यात्रियों में हड़कंप मच गया। किसी अनहोनी की आशंका से डरे-सहमे यात्री ट्रेन रुकते ही अपनी जान बचाने के लिए नीचे उतरकर इधर-उधर भागने लगे।
घटना के बाद कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। राहत की बात यह रही कि घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन तुरंत हरकत में आया। मौके पर त्वरित कार्रवाई करते हुए रेलवे का जांच दल पहुंच गया। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और तकनीकी टीम धुएं के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। शुरुआती जांच में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। प्रशासन यात्रियों को सुरक्षित रखने और ट्रेन को आगे रवाना करने के प्रयास में लगा हुआ है।
