logo

श्री बंशीधर नगर पंचायत से अध्यक्ष पद की उम्मीदवार सुधा देवी ने चलाया जनसंपर्क अभियान 

Capture001.jpg

द फॉलोअप डेस्क

झारखंड में नगर निकाय चुनाव में महज कुछ ही दिनों का समय रह गया है। मेयर और वार्ड पार्षद पद के प्रत्याशी पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में पसीना बहा रहे हैं। तमाम उम्मीदवारों के द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाकर मतदाताओं से समर्थन की अपील की जा रही है।
इसी कड़ी में श्री बंशीधर नगर पंचायत के अध्यक्ष पद की उम्मीदवार सुधा देवी ने पाल्हे कला गांव में जनसंपर्क अभियान चलाया। अपने समर्थकों के साथ उन्होंने गांव के विभिन्न मोहल्लों में घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की और अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की। इस दौरान ग्रामीणों ने भी उनकी बातें सुनीं और स्थानीय समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।

जनसंपर्क के दौरान सुधा देवी ने कहा कि यदि जनता का आशीर्वाद उन्हें मिलता है तो श्री बंशीधर नगर पंचायत क्षेत्र के सभी वार्डों में समुचित विकास कराया जाएगा, विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जाएंगे और किसी भी वार्ड के साथ भेदभाव नहीं होगा। वहीं उन्होंने पूर्व जनप्रतिनिधियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले कार्यकाल में जनहित के बजाय व्यक्तिगत विकास पर अधिक ध्यान दिया गया। जनता की मूलभूत समस्याओं की अनदेखी की गई, जिसके कारण आज भी इस इलाके के लोग मूलभूत सुविधा से वंचित हैं। सुधा देवी ने विशेष रूप से नगर पंचायत क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालयों की कमी को गंभीर समस्या बताया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में क्षेत्र में एक भी व्यवस्थित सार्वजनिक शौचालय उपलब्ध नहीं है, जिससे खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और बाहर से आने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने वादा किया कि यदि वे निर्वाचित होती हैं तो सबसे पहले प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने साफ-सफाई, जलनिकासी, पेयजल व्यवस्था और सड़क मरम्मत जैसे मुद्दों को भी अपनी प्राथमिकता बताते हुए नगर पंचायत को एक स्वच्छ, व्यवस्थित और विकसित नगर के रूप में स्थापित करना उनका लक्ष्य है जनसंपर्क अभियान में बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं और युवा भी शामिल रहे। समर्थकों ने सुधा देवी के पक्ष में जमकर नारे लगाए और उन्हें भारी मतों से विजयी बनाने का संकल्प दोहराया। चुनावी माहौल के बीच श्री बंशीधर नगर पंचायत में अध्यक्ष पद को लेकर मुकाबला दिलचस्प होता जा रहा है।

Tags - Jharkhand municipal elections Mayor candidates Ward councillor candidates election campaign public outreach voter appeal Shri Banshidhar Nagar Panchayat Sudha Devi candidate Palhe Kala village door to door campaign local issues ward development