logo

जामताड़ा में संदिग्ध व्यक्ति को बच्चा चोरी के शक में ग्रामीणों ने पीटा, हिरासत में

ेोल्ब.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा जिला के करमाटांड़ के बस्ती में बच्चा चोरी की अफवाह के चलते ग्रामीणों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर पीटा और बाद में पुलिस के हवाले किया। जानकारी के अनुसार, संदिग्ध व्यक्ति जब करमाटांड़ मुस्लिम बस्ती पहुंचे, तो ग्रामीणों ने उनसे पूछताछ के लिए बुलाया। इस दौरान वह भागने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने उसे दबोच लिया। तलाश के दौरान उसके बैग से कुल्हाड़ी, चाकू, विभिन्न लोगों के एटीएम कार्ड, फास्टैग, चिमटा, दवा, कैंची जैसी कई सामग्री बरामद हुई। जब आधार कार्ड दिखाने को कहा गया तो उसने बताया कि वह घर पर भूल गया है। संदिग्ध ने अपना नाम लाडल शेख बताया और कहा कि वह अपने परिचित आबिद से मिलने करमाटांड़ आया था। इस बीच कुछ लोगों ने गुस्से में आकर उसे पीटना शुरू कर दिया, लेकिन कुछ शिक्षित युवकों ने लोगों को समझा-बुझाकर उसे मारने से रोका और कहा कि तब तक पुष्टि नहीं होने पर किसी को नुकसान पहुंचाना न्यायसंगत नहीं है।


ग्रामीणों ने पुलिस को फोन कर संदिग्ध व्यक्ति को पुलिस के हवाले किया। एस आई विकास कुमार तिवारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में पता चला कि वह कल सदर अस्पताल जामताड़ा में इलाज कर आज आसनसोल-झाझा अमु पैसेंजर से करमाटांड़ आया था। इसके अलावा, वह लोगों से पैसे मांगकर भ्रम फैलाता था। पुलिस ने बताया कि उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं है। इस मामले में पुलिस आगे जांच कर रही है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।