बोकारो:
बोकारो सिटी थानाक्षेत्र की को-ऑपरेटिव कॉलोनी स्थित प्लॉट संख्या-67 में गुरुवार को मां-बेटे के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मकान से कई दिनों से तेज दुर्गंध आने के बाद आसपास के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घर की जांच शुरू की। पुलिस ने मकान के ग्राउंड फ्लोर के बाथरूम से करीब 60 वर्षीय अनीता देवी का शव बरामद किया। वहीं, प्रथम तल के बाथरूम से उनके करीब 30 वर्षीय बेटे नितेश का शव मिला। दोनों शव अलग-अलग स्थानों से मिलने के बाद पुलिस के सामने मौत की परिस्थितियों को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।

मां और बेटे की मौत के समय में अंतर
पुलिस के अनुसार, अनीता देवी का शव कई दिनों पुराना प्रतीत हो रहा है। शव सड़ने के कारण पूरे मकान में तेज दुर्गंध फैल गई थी। वहीं, उनके बेटे नितेश का शव अपेक्षाकृत कम पुराना बताया जा रहा है। दोनों की मौत अलग-अलग समय पर होने की आशंका को देखते हुए पुलिस सभी संभावित पहलुओं से जांच कर रही है। जांच के दौरान यह भी जानकारी सामने आई कि मकान की बिजली कई दिनों से कटी हुई थी। हालांकि बिजली कटने और मौत के बीच कोई संबंध है या नहीं, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है।

फॉरेंसिक टीम की सहायता से जांच शुरू
घटना की सूचना मिलने के बाद सिटी डीएसपी राजीव रंजन भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की। महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने के लिए रांची से फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मां-बेटे की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।