पलामू
पांकी थाना क्षेत्र में चाकू की नोंक पर हुई लूट की घटना का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से लूटे गए मोबाइल फोन, नकदी और कार की चाबी बरामद की गई है। मामला पांकी थाना कांड संख्या 51/2025, दिनांक 25 अप्रैल 2025 को भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 309(4) के तहत दर्ज किया गया था। वादी विकास कुमार राम द्वारा 24 अप्रैल को दिए गए आवेदन में बताया गया था कि अज्ञात अपराधियों ने उन्हें चाकू दिखाकर डरा-धमका कर दो स्मार्टफोन (टेकनो और रेडमी), ₹7000 नगद तथा स्विफ्ट डिजायर कार की चाबी लूट ली।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, पलामू के निर्देश पर एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मेदिनीनगर के मार्गदर्शन में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में छापामारी दल ने सतत प्रयास करते हुए 03 अपराधियों को धर दबोचा।
गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम इस प्रकार हैं:
1. शमशाद अंसारी (उम्र 25 वर्ष), पिता – मो. सदिक अंसारी, निवासी – जोल्हाबीघा, थाना – पांकी
पूर्व आपराधिक इतिहास:
o पांकी थाना कांड संख्या 145/2020 – धारा 364(A)/302/201/120(B) भा.दं.वि. एवं आर्म्स एक्ट
o पिपराटाड़ थाना कांड संख्या 13/2023 – धारा 392 भा.दं.वि.
o पिपराटाड़ थाना कांड संख्या 14/2023 – धारा 399/402/414 भा.दं.वि. एवं आर्म्स एक्ट
2. हुसैन आलम उर्फ सोनम आलम (उम्र 22 वर्ष), पिता – अली मोहम्मद मियां, निवासी – गड़गांव, थाना – पिपराटाड़
3. इमाम आलम उर्फ कारु (उम्र 24 वर्ष), पिता – मो. कलाम मियां, निवासी – गड़गांव, थाना – पिपराटाड़
बरामद सामान:
• दो स्मार्टफोन (टेकनो एवं रेडमी)
• ₹800 नगद
• स्विफ्ट डिजायर कार की चाबी
• एक फोल्डेड चाकू
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ जारी है और अन्य संभावित संलिप्त अपराधियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।