द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के जामताड़ा जिले के बागडेहरी थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मुड़ाबेड़िया जंगल के पास स्थित एक कुएं से पुलिस ने तीन अज्ञात लोगों के शव बरामद किए हैं। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। बताया जा रहा है कि स्थानीय ग्रामीणों ने कुएं में शव देखे जाने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कुएं से बाहर निकालकर अपने कब्जे में ले लिया। प्रारंभिक जांच में शवों की स्थिति काफी खराब पाई गई है। पुलिस के अनुसार शव काफी पुराने प्रतीत हो रहे हैं और सड़-गल जाने के कारण उनकी पहचान करना फिलहाल मुश्किल हो रहा है। शरीर की बनावट के आधार पर मृतकों में एक लगभग 4 वर्षीय बच्ची, एक 13 से 14 वर्ष का लड़का और एक करीब 35 से 40 वर्ष का पुरुष शामिल होने का अनुमान लगाया जा रहा है। घटनास्थल की तलाशी के दौरान पुलिस को एक आधार कार्ड भी मिला है, जिसे जांच के लिए अहम सुराग माना जा रहा है। पुलिस आधार कार्ड के आधार पर मृतकों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। फिलहाल तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है कि यह हत्या का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। समाचार लिखे जाने तक मृतकों की आधिकारिक पहचान नहीं हो सकी थी।
