रांची
झामुमो के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने आज प्रेस वार्ता कर केंद्र सरकार को घेरा और कहा कि देश में महंगाई चरम पर है इसलिए भाजपा सरकार को सत्ता छोड़ देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बहुत हुई महंगाई की मार, अब विदा हो मोदी सरकार और आरोप लगाया कि 2014 से 2026 के बीच देश में हर जरूरी चीज की कीमतों में लगभग दोगुनी दर से बढोत्तरी हुई है।

ये अति शर्म की बात
सुप्रियो भट्टाचार्य ने आगे कहा कि भाजपा ने 2014 में बहुत हुई महंगाई की मार, अबकी बार मोदी सरकार का नारा दिया था। लेकिन अब लगता है उसी नारे का उल्टा समय आ गया है। उन्होंने बताया कि कैसे रसोई गैस से लेकर पेट्रोल और डीजल तक आम लोगों की पहुंच से बाहर होते जा रहे हैं। इसी के साथ कमर्शियल गैस की कीमतों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 2014 में जहां इसकी कीमत करीब 900 रुपये थी, वहीं अब यह बढ़कर लगभग 3000 रुपये तक पहुंच गई है। ये अति शर्म की बात है।

नियंत्रण पाना अब केंद्र सरकार के बूते के बाहर
सुप्रियो ने कहा कि महंगाई का सबसे ज्यादा असर आम लोगों और छोटे व्यवसायों पर पड़ रहा है। शादी-ब्याह का समय है, लेकिन कैटरिंग व्यवसाय प्रभावित हो रही है। होटल इंडस्ट्री पर दबाव है और ठेला-खोमचा चलाने वाले लोग भुखमरी की स्थिति में पहुंच गए हैं। इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि बाजार में कालाबाजारी अपने चरम पर है और आम लोगों को घरेलू गैस सिलेंडर पाने के लिए लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है। ऐसा लग रहा है कि इन सब पर नियंत्रण पाना अब केंद्र सरकार के बूते के बाहर हो गया है।