रांची
"अबुआ साथी" के माध्यम से रांची जिला के लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो रहा है। सोनाहातू प्रखंड के लंडूपडीह निवासी गुरुपद सिंह मुंडा और चान्हो प्रखंड के उपमुखिया अशोक गिरि की शिकायत का त्वरित समाधान किया गया। अबुआ साथी जन शिकायत हेतु ज़िला प्रशासन द्वारा जारी किया गया व्हाट्सएप नंबर है, जिस पर शिकायत प्राप्त होने के बाद संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित करते हुए त्वरित समाधान किया जाता है। इसके लिए 9430328080 नंबर पर फोन किया जा सकता है।
केस-1
सोनाहातू प्रखंड के लंडूपडीह गांव में चापकल खराब था। लंडूपडीह निवासी गुरुपद सिंह मुंडा ने अबुआ साथी पर 04 मार्च 2025 को शिकायत की। उनका कंप्लेंट नंबर 2455 दर्ज किया गया। 05 मार्च को चापानल की मरम्मत कर दी गई। अब गांव के निवासियों को चापानल से पानी मिल रहा है। जिला दंडाधिकारी- सह-उपायुक्त, रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री द्वारा पूर्व में ही संबंधित पदाधिकारियों को गर्मी से पहले चापानल की मरम्मती का निर्देश दिया गया है, उन्होंने जिला वासियों से अपील की है कि क्षेत्र में पानी की समस्या है तो अबुआ साथी पर इसकी जानकारी दें, समस्या का त्वरित समाधान किया जाएगा।
केस - 2
चान्हो प्रखंड के सोनचिपी गांव में महीनों से किसानों को जले हुए 25 केवी का ट्रांसफॉर्मर बदले जाने का इंतजार था। पंचायत के उपमुखिया ने अबुआ साथी पर शिकायत की। 03 मार्च 2025 को इस मामले में कंप्लेंट नंबर-2425 दर्ज किया गया। संबंधित विभाग को इसकी सूचना दी गई, जिसके बाद 05 मार्च को ट्रांसफॉर्मर बदलते हुए इंस्टॉल कर दिया गया।