logo

पिकनिक मना लौट रही स्कूल बस दुर्घटना का शिकार, दर्जनों बच्चे घायल 

SCH.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
खूंटी जिले के तोरपा में शुक्रवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। पिकनिक से लौट रही एक स्कूल बस सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई, जिसमें दर्जनों बच्चे घायल हो गए। हालांकि, राहत की बात यह है कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई। अधिकतर बच्चों को सिर और मुंह पर हल्की चोटें आई हैं। 

मिली जानकारी के अनुसार घटना रात 9 बजे रनिया थाना क्षेत्र के मरचा मोड़ के पास हुई। एएसके पब्लिक स्कूल, रनिया के लगभग 80-90 बच्चे बस से पिकनिक मनाने बसिया के बाघमुंडा जलप्रपात गए थे। लौटते समय बस भालू टोली के पास खड़े ट्रक से टकरा गई। इस टक्कर में कई बच्चे घायल हो गए। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को तोरपा रेफरल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, 3 बच्चों—अनुष्का तोपनो (10 वर्ष), जिदन होरो (13 वर्ष) और कृष्णया सुरीन (13 वर्ष)—को गंभीर चोटें आने के कारण सदर अस्पताल रेफर किया गया है।

अन्य घायल बच्चों में आदर्श कंडुलना (8 वर्ष), मुन्ना साहू (12 वर्ष), फ्रांसिस पूर्ति (6 वर्ष), जोहन नाग मुंडा (9 वर्ष), अनीश कच्छप (9 वर्ष), युवराज सिंह (4 वर्ष), अर्पित भेंगरा (8 वर्ष), अनुपम हेमरोम (12 वर्ष), सफीना गुड़िया (11 वर्ष), अल्फा बारला (9 वर्ष), असरन मुंडू (10 वर्ष) और मंजूषा कुमारी (13 वर्ष) शामिल हैं। 

पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल भिजवाया। थाना प्रभारी विकास कुमार जायसवाल ने बताया कि सभी बच्चे अब खतरे से बाहर हैं। दुर्घटना कैसे हुई, इसकी जांच की जा रही है।

Tags - Jharkhand News Jharkhand Hindi News Khunti News Khunti Latest News School Bus Road Accident