logo

जामताड़ा में अवैध बालू उठाव के खिलाफ गोलबंद हुए ग्रामीण, प्रशासन की कार्य शैली पर उठे सवाल

GOLBAND.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा में अवैध बालू उठाव को लेकर प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। पंजनियां पंचायत के बाड़ेडीह घाट से रोजाना लाखों रुपये की बालू बाहर भेजी जा रही है, लेकिन प्रशासन अब तक मौन है। मामला जामताड़ा जिले के पंजनियां पंचायत स्थित बाड़ेडीह घाट का है। ग्रामीणों का आरोप है कि यहां से रोजाना लगभग 20 से 30 लाख रुपये की बालू नाव के जरिए अवैध रूप से उठाकर धनबाद के माफिया ले जा रहे हैं। 


ग्रामीणों का कहना है कि बालू, कोयला और पत्थर सरकार के अधीन आते हैं, बावजूद इसके खुलेआम सीमा क्षेत्र से खनिज संपदा की लूट हो रही है। इससे सरकार को प्रतिदिन लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है। स्थानीय ग्रामीण अकबर अंसारी, सनाउल अंसारी सहित सैकड़ों लोगों ने सोमवार को घाट पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। उनका कहना है कि जहां से बालू उठाव हो रहा है, वह जामताड़ा की सीमा है और इस पर तत्काल रोक लगाई जानी चाहिए।


सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब खुलेआम नाव के माध्यम से अवैध बालू उठाव हो रहा है, तो प्रशासन कार्रवाई क्यों नहीं कर रहा? क्या प्रशासन की चुप्पी इस अवैध कारोबार को बढ़ावा दे रही है? फिलहाल ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।