द फॉलोअप, जमशेदपुरः
बच्चों को ससुराल से लाने पर पिता की फटकार बेटे को इतनी नागवार गुजरी कि उसने कुल्हाड़ी के पिछले हिस्से से वार कर उनकी जान ही ले ली। गुड़ाबांदा थाना क्षेत्र की मोहलीशोल पंचायत के बिहिंदा गांव में रविवार को घरेलू विवाद में बेटे ने अपने ही पिता की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी लिटा हेंब्रम मौके से निकलकर गांव के पास स्थित शराब भट्ठी पहुंच गया और वहां बैठकर शराब पीने लगा। इधर, हत्या की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शराब भट्ठी में छापेमारी कर उसे खदेड़कर पकड़ लिया।

मृतक की पहचान विक्रम हेंब्रम के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी लिटा हेंब्रम ज्यादातर अपने ससुराल गुड़ाबांदा के पहाड़पुर में रहता था। दो दिन पहले वह अपने घर बिहिंदा आया था। उस समय वह अपने साथ दूधमुंहे बच्चे को भी ले आया था। मां से दूर होने के कारण बच्चा लगातार रो रहा था। यह देखकर विक्रम हेंब्रम और उसकी पत्नी देवला हेंब्रम ने बेटे को फटकार लगायी। इसके बाद लिटा अगले दिन दूधमुंहे बच्चे को उसकी मां के पास छोड़ने पहाड़पुर चला गया, लेकिन लौटते समय करीब सात साल के दूसरे बच्चे को अपने साथ बिहिंदा ले आया। एक के बाद दूसरे बच्चे को भी ससुराल से लाने पर पिता विक्रम हेंब्रम ने बेटे पर फिर नाराजगी जतायी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गयी। विवाद बढ़ने पर लिटा ने आपा खो दिया और कुल्हाड़ी के पिछले हिस्से से पिता के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से विक्रम हेंब्रम की मौके पर ही मौत हो गयी।

पिता की हत्या के बाद आरोपी घर से निकलकर मोहलीशोल स्थित शराब भट्ठी चला गया। घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी धीरज कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम बिहिंदा गांव पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस बीच पुलिस को आरोपी के शराब भट्ठी में होने की गुप्त सूचना मिली। पुलिस ने वहां छापेमारी की तो आरोपी भागने लगा, जिसे दौड़ाकर पकड़ लिया गया। मृतक की पत्नी देवला हेंब्रम की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। थाने में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
