logo

जामताड़ा : निर्माणाधीन वीरबिंदिया पुल से गिरकर मजदूर गंभीर घायल, दोनों पैर टूटे; सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल

वगल्गबो.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा जिला के मेंझीया पंचायत अंतर्गत बिरगांव में निर्माणाधीन वीरबिंदिया पुल पर कार्य के दौरान एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। ऊंचाई से गिरने के कारण उसके दोनों पैर टूट गए। घायल मजदूर मोहम्मद तारिकूल का इलाज जामताड़ा स्थित पारस अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और कई मजदूर दहशत में आकर काम छोड़कर घर लौट गए। जानकारी के अनुसार वर्ष 2024 में तत्कालीन मुख्यमंत्री चंपई सोरेन द्वारा बढ़ाकर नदी पर वीरबिंदिया पुल का शिलान्यास किया गया था। लगभग 263 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह पुल वर्तमान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की महत्वाकांक्षी योजनाओं में शामिल है। उल्लेखनीय है कि बिरबंदिया क्षेत्र में पूर्व में हुए नाव हादसे में 14 लोगों की मौत के बाद इस पुल निर्माण की मांग तेज हो गई थी।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, निर्माण कार्य के दौरान मजदूर बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों के ऊंचाई पर काम कर रहे थे। इसी दौरान प्लेट खिसकने से मोहम्मद तारिकूल नीचे गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके साथ काम कर रहे 17 वर्षीय दिलकश ने आरोप लगाया कि मजदूरों को न तो हेलमेट दिया गया था और न ही सेफ्टी बेल्ट। बिना सुरक्षा किट के ही कार्य कराया जा रहा था, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है।
घायल मजदूर बिहार के कटिहार जिले का निवासी बताया जा रहा है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि पहले भी निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की शिकायत की गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ताजा घटना के बाद एक बार फिर निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।