logo

भारत जोड़ो न्याय यात्रा : मालदा में राहुल गांधी की कार पर पथराव, कांग्रेस ने पुलिस को घेरा 

r_gandhi.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

भारत जोड़ो न्याय यात्रा (Bharat Jodo Nyay Yatra) पर निकले राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की कार पर आज प बंगाल के मालदा में हमला हुआ। मिली खबर के मुताबिक उनकी कार पर कुछ लोगों ने पीछे से पथराव किया। हालांकि इस पथऱाव में राहुल गांधी को कोई क्षति नहीं हुई है। कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा है कि ये पुलिस की चूक है। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था में अनदेखी की है, जिसका ये परिणाम है। कहा कि जिस तरह की भीड़ वहां जमा थी, इसे देखते हुए किसी बड़ी घटना से इनकार नहीं किया जा सकता है। बता दें कि पथराव तब हुआ जब राहुल गांधी का काफिला आज बिहार से बंगाल में दोबारा प्रवेश कर रहा था। 

पथराव में कार का शीशा टूटा

मिली खबरों में बताया गया है कि पथराव से राहुल की कार का पीछे का शीशा टूट गया है। पथराव पश्चिम मालदा के हरिश्चंद्रपुर में हुआ है। बताया जाता है कि जब कार इलाके की एक भीड़भाड़ वाली सड़क से गुजर रही थी, उसी समय कुछ लोगों ने कार का पीछा करना शुरू कर दिया। पुलिस उनको नहीं रोक पायी। कुछ आगे जाकर भीड़ में शामिल लोगों ने कार पर पथराव करना शुरू कर दिया। इससे कुछ देर के लिए राहुल के काफिले को वहीं, रुकना पड़ा। इस दौरान पथराव करने वाले लोगों की भीड़ वहां से भाग चुकी थी। 


यात्रा को लेकर ममता ने क्या कहा है 

बता दें कि प बंगाल की सीएम ममता बनर्जी राहुल की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के बंगाल पहुंचने को लेकर पहले ही अपनी नाराजगी जाहिर कर चुकी हैं। ममता ने कहा कि उनको राहुल की यात्रा की औपचारिक जानकारी भी नहीं दी गयी थी। पहली बार उनको इसकी सूचना तब मिली जब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उनको यात्रा के दौरान राहुल को सुरक्षा देने के लिए पत्र लिखा। इधर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने यात्रा को सहयोग करने का आरोप ममता सरकार और पुलिस पर लगाया है। बता दें कि इस चरण में राहुल की यात्रा प बंगाल के मालदा और मुर्शिदाबाद से होकर गुजरने वाली है।