द फॉलोअप डेस्क
महाराष्ट्र के नासिक जिले के डिंडोरी तालुका के शिवाजीनगर इलाके में शुक्रवार देर रात एक भयानक हादसा हुआ, जिसमें छह स्टूडेंट्स समेत नौ लोगों की जान चली गई। हादसा एक सामाजिक समारोह के बाद तब हुआ जब कार कुएं में गिर गई। जानकारी के अनुसार, नासिक के शिवाजीनगर में राज बैंक्वेट हॉल और वेडिंग वेन्यू में एक प्राइवेट कोचिंग क्लास ने सोशल गैदरिंग का आयोजन किया था। इस इवेंट में शहर और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स और उनके माता-पिता शामिल हुए थे।

रात करीब 10 बजे, कार्यक्रम समाप्त होने के बाद डिंडोरी के दरगोड़े परिवार की अर्टिगा कार घर लौट रही थी। इसी दौरान कार वेडिंग वेन्यू के पास बने एक खेत के कुएं में गिर गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्राम पंचायत की फायर ब्रिगेड, डिजास्टर मैनेजमेंट टीम और पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। कुएं में पानी होने के कारण बचाव में मुश्किलें आईं, लेकिन देर रात क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाल लिया गया।

हादसे में मरने वालों में राखी सुनील दरगोड़े, आशा अनिल दरगोड़े, सृष्टि अनिल दरगोड़े, सुनील दरगोड़े, श्रेयश दरगोड़े, माधुरी दरगोड़े, समृद्धि दरगोड़े, रेशमा दरगोड़े और श्रावणी दरगोड़े शामिल हैं। डिंडोरी पुलिस स्टेशन के पुलिस इंस्पेक्टर भगवान मथुरे ने बताया कि आज सुबह शवों का पोस्टमार्टम किया जाएगा। इस हादसे ने पूरे नासिक जिले में शोक और गहरा दुःख फैलाया है।