logo

ट्रेड फेयर : चांडिल का तसर सिल्क बन रहा लोगों की पसंद, झारखंड के मधु की मिठास ने बनाया कायल

739.jpg

द फॉलोअप डेस्क

तसर का सबसे बड़ा उत्पादक झारखंड अपने रेशम के वस्त्रों से देश-विदेश के लोगों का मन मोह रहा है। दरअसल नई दिल्ली में आयोजित इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर- 2022 के थीम वोकल फॉर लोकल, लोकल टू ग्लोबल में झारखंड के बुनकरों और कारीगरों के हाथों बनी खादी की बंडी, तसर सिल्क की साड़ियां, चांडिल की सिल्क साड़ियां, कुर्ता-पाजामा और टोपी, इंडो-वेर्स्टन ड्रेस के विशेष अंदाज देख मेला आने वालों को खूब पसंद आ रहा है। खादी स्टॉल के प्रतिनिधि सुशांत ने बताया कि इस बार खादी उत्पादों की बिक्री बहुत अच्छी है। लोगों की खादी में रूचि बढ़ी है। स्टॉल में अच्छी खासी भीड़ हो रही है।

जैविक खेती की बारिकियों से हो रहे अवगत
कृषि
, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के स्टाल में झारखंड में हो रही जैविक खेती की मेले में आने वाले लोग खूब सराहना कर रहे हैं। वहीं, लोग जैविक खेती की बारीकियों से अवगत भी हो रहे हैं। जैविक उत्पादों की प्रदर्शनी दर्शकों को आकर्षित कर रही है। दूसरी ओर वन विभाग के स्टॉल में झारखंड के मधु की भारी मांग देखी जा रही है। राज्य के मधु की मिठास के लोग कायल हो रहे हैं। रांची स्मार्ट सिटी के स्टाल में दिखाए गए टेबल टॉप मॉडल को भी दर्शक पसंद कर रहे हैं।

29 राज्य के साथ कई हुए शामिल

इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर- 2022 मेले में झारखंड पार्टनर स्टेट के तौर पर शामिल है। इस मेले के थीम वोकल फॉर लोकल, लोकल टू ग्लोबल के तहत भारत के 29 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश के साथ-साथ अफगानिस्तान, बांग्लादेश, बहरीन, बेलारूस, ईरान, नेपाल, थाईलैंड, तुर्की, यूएई, वियतनाम, चीन, टयूनिशिया, लेबनान और रिपब्लिक ऑफ तुर्की भी मेले में शामिल हुए हैं।