logo

Maharashtra : खदान में जमा पानी में डूबने से एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, हादसा या साजिश..जांच में जुटी पुलिस

Khadan.jpg

महाराष्ट्र: 


गर्मियां शुरुआत होते ही भारत के कई हिस्सों में पेयजल संकट गहरा जाता है। लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ता है। लाखों की आबादी टैंकर से होने वाली पानी की सप्लाई पर निर्भर हो जाती है तो वहीं हजारों लोग वैसे भी हैं जिनको ये भी नसीब नहीं हो पाता। ऐसे में कई दुर्घटनाएं भी सामने आती है। ताजा मामला पेयजल संकट से उपजी ऐसी ही दुर्घटना को लेकर है। 

एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत
दरअसल, महाराष्ट्र में पानी की तलाश में निकले एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई। परिवार के पांच लोग खदान में जमा पानी में डूबने से मारे गए। घटना महाराष्ट्र के ठाणे जिला के कल्याण ग्रामीण अंतर्गत डोंबिवली के पास एक गांव की है। यहां एक ही परिवार के पांच लोग पानी लेने के लिए खदान में गए थे। इसी दौरान डूबने से सभी की मौत हो गई। 

 

पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा
घटना की जानकारी परिजनों को बहुत देर बाद मिली। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी पूरे दल-बल के साथ पहुंची और शवों को पानी से निकाला। शवों का पंचनामा कर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया। पुलिस, छानबीन में जुटी है कि आखिर पानी लेने पहुंचे ये लोग खदान में कैसे डूबे। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही गांव में मातम का माहौल है। 

महाराष्ट्र में गहरा गया है पेयजल का संकट
पेयजल संकट की वजह से इस तरह की दुर्घटना का ये पहला मामला नहीं है। कुछ हफ्ते पहले भी महाराष्ट्र के नासिक जिले से ऐसी तस्वीर सामने आई थी। समाचार एजेंसी एएनआई में छपी एक खबर के मुताबिक नासिक के एक गांव में महिलाएं और बच्चे रोजाना कम से कम 3 किमी की दूरी तय करके पानी लेने जाते हैं। वहां भी जलस्तर इतना नीचे जा चुका है कि कुछ महिलाएं कुएं में उतरती हैं।

 
बाकी महिलाएं ऊपर से रस्सियों के सहारे बर्तन को नीचे गिराती है जिससे पानी निकाला जा सके। तब महिलाओं ने बताया कि ऐसे में कई बार दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। कई महिलायें चोटिल भी हो चुकी हैं।